ठाणे में 250 KMPH की रफ्तार से BMW डिवाइडर से टकराई इंजन 30 मीटर दूर गिरा
ठाणे में 250 KMPH की रफ्तार से BMW डिवाइडर से टकराई इंजन 30 मीटर दूर गिरा, पार्टी से लौट रहे 2 की मौत, एक घायल
महाराष्ट्र के ठाणे में बदलापुर के पास मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेस वे पर तेज रफ्तार BMW कार डिवाइडर से टकरा गई। इसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कार चला रहा युवक घायल हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह पिचक गई। उसका इंजन दुर्घटना वाली जगह से करीब 30 मीटर दूर जा गिरा। पुलिस मृतकों में से एक के सोशल मीडिया पोस्ट की जांच कर रही है। इसमें दुर्घटना से कुछ देर पहले कार को 250 KMPH तक की रफ्तार से चलाते हुए रिकॉर्डिंग की गई थी।

पुलिस को शक है कि लापरवाही से गाड़ी चलाने और स्टंट करने के कारण यह हादसा हुआ। मृतकों की पहचान योगेश नेगी (26) और रेबेका जैकब (24) के रूप में हुई है। दोनों बांद्रा में रहते थे। BMW मालिक अंगद का कल्याण के फोर्टिस अस्पताल में इलाज चल रहा है।
टक्कर से कार उछली, डिवाइडर के दो हिस्सों के बीच जाकर रुकी
पुलिस के मुताबिक, मृतक योगेश नेगी का जन्मदिन था। शनिवार शाम को अंगद, रेबेका और योगेश ने बदलापुर (पश्चिम) में बर्थडे सेलिब्रेट किया और फिर एक्सप्रेस वे की ओर निकल पड़े। पुलिस को 9,000 रुपए का एक बिल मिला है एक्सप्रेस वे पर गाड़ियों की आवाजाही रोकने के लिए कई जगहों पर कॉन्क्रीट बैरिकेड लगाए गए हैं। पुलिस को शक है कि तेज रफ्तार में गाड़ी चलाते समय ड्राइवर ने शायद बैरिकेड से बचने की कोशिश की और कार से कंट्रोल खो दिया और बीच वाले डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के कारण कार उछल गई और डिवाइडर के दो हिस्सों के बीच जाकर रुकी।

चश्मदीद बोले- जोरदार टक्कर की आवाज सुनी
एक चश्मदीद ने बताया, ‘मैं शनिवार देर रात टहल रहा था, तभी 2 से 3 बजे के बीच कार दो बार बहुत तेज रफ्तार में पास से गुजरी। तीसरी बार में टक्कर की आवाज सुनी। जब मौके पर पहुंचे, तो गाड़ी पूरी तरह से चकनाचूर हो चुकी थी। एक युवती काफी दूर जा गिरी थी। वहीं एक युवक का सिर फट गया था।'

