KBC 18 : सवाल में घोड़े का नाम पूछा था घोड़ी का नहीं... KBC में 1 करोड़ जीतने से चूके IIT टॉपर ने उठाया सवाल
Yogesh Sahu KBC 18 : IIT बॉम्बे के टॉपर और UPSC अभ्यर्थी योगेश साहू ने KBC 18 में 1 करोड़ के प्रश्न की फ्रेमिंग पर सवाल उठाया है।
Yogesh Sahu KBC 18 : कौन बनेगा करोड़पति 18' के हालिया एपिसोड में 23 साल के योगेश साहू ने अपने ज्ञान और खेल की रणनीति से अमिताभ बच्चन को प्रभावित किया। छत्तीसगढ़ के भाटापारा के रहने वाले योगेश IIT बॉम्बे के टॉपर रह चुके हैं। उन्होंने बेहद आत्मविश्वास के साथ खेलते हुए 15वें सवाल तक का सफर तय किया। खास बात यह रही कि वह बिना किसी लाइफलाइन का इस्तेमाल किए 1 करोड़ रुपये के सवाल तक पहुंच गए। हालांकि अंतिम सवाल पर जवाब को लेकर उनका भरोसा डगमगा गया और उन्होंने गेम छोड़ने का फैसला किया। इस तरह योगेश 50 लाख रुपये लेकर शो से बाहर हुए।
सवाल की भाषा को लेकर हुआ कन्फ्यूजन
गेम छोड़ने के बाद योगेश ने बताया कि उन्होंने एक संभावित सही जवाब को इसलिए हटा दिया था क्योंकि उन्हें लगा कि सवाल की भाषा कुछ और होनी चाहिए थी। उनका मानना था कि अगर सही जवाब किसी घोड़ी का नाम है, तो सवाल में 'घोड़ा' नहीं बल्कि 'घोड़ी' शब्द का इस्तेमाल किया जाता।
इसी सोच ने उन्हें जवाब को लेकर असमंजस में डाल दिया। योगेश ने यह भी कहा कि उन्होंने सवाल को सही तरीके से फ्रेम नहीं किया गया माना। इसी वजह से उन्होंने जोखिम लेने के बजाय 50 लाख रुपये लेकर गेम छोड़ना बेहतर समझा।

अमिताभ बच्चन ने पूछा था 1 करोड़ रुपये का यह सवाल
अमिताभ बच्चन ने योगेश साहू से पूछा था कि बड़ौदा के महाराजा के किस घोड़े ने साल 1943 में मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में पहली इंडियन डर्बी जीती थी। इसके लिए चार विकल्प दिए गए थे। इनमें प्रिंसेस ब्यूटीफुल, रीगल डोमेन, स्टार ऑफ ग्वालियर और प्रिंस प्रदीप शामिल थे।
योगेश किसी एक विकल्प को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं थे। उन्होंने जोखिम लेने के बजाय गेम क्विट कर दिया। इसके बाद अमिताभ बच्चन ने बताया कि इस सवाल का सही जवाब 'प्रिंसेस ब्यूटीफुल' था।
एलिमिनेशन से जवाब तलाशने की कोशिश की
योगेश ने बताया कि उन्हें मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में हुई पहली इंडियन डर्बी के बारे में जानकारी नहीं थी इसलिए उन्होंने विकल्पों को हटाकर सही जवाब तक पहुंचने की कोशिश की। इस दौरान उन्होंने कुछ नामों को एलिमिनेट किया लेकिन 'प्रिंसेस ब्यूटीफुल' को लेकर वह उलझ गए।
उन्हें लगा कि अगर यही सही जवाब होता, तो सवाल में घोड़े के बजाय घोड़ी का जिक्र होना चाहिए था। उन्होंने 'स्टार ऑफ ग्वालियर' को भी संभावित विकल्प माना, लेकिन उस पर भी पूरा भरोसा नहीं था। आखिरकार उन्होंने गेम छोड़ दिया और 50 लाख रुपये की राशि अपने नाम कर ली।

क्विट करने के बाद भी गलत जवाब चुना
गेम छोड़ने के बाद अमिताभ बच्चन ने योगेश से पूछा कि अगर उन्हें सही जवाब का अनुमान लगाना हो तो वह कौन सा विकल्प चुनेंगे। योगेश ने 'प्रिंस प्रदीप' को अपना जवाब बताया। इसके बाद बिग बी ने सही जवाब 'प्रिंसेस ब्यूटीफुल' बताया।
यह सुनकर योगेश ने कहा कि वह भी 'प्रिंसेस ब्यूटीफुल' को एलिमिनेट करने वाले थे। इस पर अमिताभ बच्चन ने सवाल की भाषा को लेकर उनकी शंका का जवाब दिया। उन्होंने समझाया कि 'प्रिंसेस ब्यूटीफुल' एक घोड़ी थी और इसी वजह से उसके नाम में 'प्रिंसेस' शब्द था।
बिना लाइफलाइन के 15वें सवाल तक पहुंचे
योगेश साहू का खेल इसलिए भी खास रहा क्योंकि उन्होंने 15वें सवाल तक बिना किसी लाइफलाइन के पहुंचने में सफलता हासिल की। उनकी जानकारी और जवाब देने के तरीके ने अमिताभ बच्चन को भी प्रभावित किया। हालांकि 1 करोड़ रुपये के सवाल पर उन्होंने जोखिम नहीं लिया।
उन्होंने 50 लाख रुपये की सुरक्षित राशि के साथ गेम छोड़ना चुना। इसके बाद सामने आया कि अगर वह जवाब के तौर पर 'प्रिंसेस ब्यूटीफुल' चुनते, तो वह 1 करोड़ रुपये जीत सकते थे। लेकिन उनके पास उस समय सही जवाब को लेकर पर्याप्त भरोसा नहीं था।

IAS बनने के लिए छोड़ा 18 लाख रुपये का पैकेज
योगेश साहू की कहानी सिर्फ KBC तक सीमित नहीं है। वह छत्तीसगढ़ के भाटापारा के रहने वाले हैं और IIT बॉम्बे से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन कर चुके हैं। वह संस्थान के टॉपर भी रहे हैं।
योगेश ने बताया कि उन्हें IIT बॉम्बे में दाखिला पहले ही प्रयास में मिल गया था। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्हें कैंपस प्लेसमेंट में करीब 18 लाख रुपये का पैकेज मिला था। हालांकि, उन्होंने नौकरी स्वीकार नहीं की। उनका लक्ष्य UPSC परीक्षा की तैयारी करना और भविष्य में IAS अधिकारी बनना है।
50 लाख की जीत के साथ आगे बढ़े योगेश
योगेश साहू 1 करोड़ रुपये के सवाल का सही जवाब नहीं दे पाए, लेकिन उन्होंने KBC 18 में 50 लाख रुपये की बड़ी रकम जीती। उनका खेल, शिक्षा और IAS बनने का लक्ष्य दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन गया। एक सवाल के जवाब को लेकर लिया गया फैसला उन्हें करोड़पति बनने से रोक गया, लेकिन वह बड़ी रकम के साथ शो से विदा हुए। अब योगेश का अगला लक्ष्य UPSC परीक्षा पास कर IAS अधिकारी बनना है।


