इंदौर में कल इतिहास बना : अब हर जिले में होगी ‘छात्रों की गूंज’- राहुल गांधी के कार्यक्रम के बाद बोले जीतू पटवारी

Jitu Patwari Indore Press Conference : शिक्षा, रोजगार और छात्र मुद्दों को लेकर सरकार पर साधा निशाना, मिमिक्री विवाद और महिला आरक्षण पर भी जीतू पटवारी ने दी प्रतिक्रिया

इंदौर में कल इतिहास बना : अब हर जिले में होगी ‘छात्रों की गूंज’- राहुल गांधी के कार्यक्रम के बाद बोले जीतू पटवारी

Jitu Patwari Indore Press Conference : इंदौर राहुल गांधी के इंदौर दौरे और ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्यक्रम को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। पटवारी ने दावा किया कि इंदौर में बड़ी संख्या में युवाओं और छात्रों की मौजूदगी ने सरकार को एक स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर अब प्रदेशभर में अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान पटवारी ने शिक्षा व्यवस्था, रोजगार, प्रशासन की भूमिका, मिमिक्री विवाद और महिला आरक्षण को लेकर भी सरकार और बीजेपी पर निशाना साधा।

कार्यक्रम में युवाओं का समर्थन अकल्पनीय

दरअसल, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कहा कि इंदौर में हुए आयोजन ने छात्रों की समस्याओं को लेकर देश में एक नई बहस की शुरुआत की है। उन्होंने युवाओं के समर्थन को अकल्पनीय बताते हुए कहा कि बड़ी संख्या में लोगों का कार्यक्रम में शामिल होना इंदौर की राजनीतिक तासीर को दर्शाता है। पटवारी ने प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए। 

‘छात्रों की गूंज’ सिर्फ इंदौर तक सीमित नहीं

उन्होंने कहा कि यदि किसी के इशारे पर राजनीतिक कार्यक्रमों में अलग-अलग तरह की व्यवस्थाएं और राशि जमा कराई जाती हैं, तो भविष्य में इस पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ सिर्फ इंदौर तक सीमित नहीं रहेगी। कांग्रेस अब मध्य प्रदेश के हर जिले में छात्रों की समस्याओं को लेकर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करेगी। पटवारी के मुताबिक यह अभियान केवल कांग्रेस के बैनर पर नहीं, बल्कि छात्रों और अभिभावकों की भागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

शिक्षा और रोजगार की समस्याओं को उठाना झूठ?

वहीं शिक्षा व्यवस्था को लेकर पटवारी ने कहा कि सरकार को केजी से पीजी तक बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने पर काम करना चाहिए, ताकि बच्चों को स्कूल स्तर से ही सही दिशा मिल सके। बीजेपी नेताओं द्वारा कार्यक्रम को ‘झूठ की गूंज’ बताए जाने पर उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि यदि शिक्षा और रोजगार की समस्याओं को उठाना झूठ है, तो सरकार को यह बताना चाहिए कि जिन छात्रों को सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं, उनके सवालों का जवाब कौन देगा। 

मिमिक्री विवाद और महिला आरक्षण पर बोले पटवारी

रोजगार के मुद्दे पर पटवारी ने चीन का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां जितने रोजगार उपलब्ध कराए जा रहे हैं, उसके मुकाबले भारत में रोजगार की स्थिति पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं महिला आरक्षण को लेकर उन्होंने कहा कि यदि बीजेपी महिला आरक्षण के मौजूदा प्रावधानों में बदलाव चाहती है तो केंद्र सरकार के सामने प्रस्ताव लाए, कांग्रेस उस पर चर्चा के लिए तैयार है।

इस दौरान मिमिक्री आर्टिस्ट को लेकर चल रहे विवाद पर पटवारी ने कहा कि मिमिक्री मनोरंजन का माध्यम है और इसका उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। मंच पर मौजूद छात्रों को लेकर उठे सवालों पर उन्होंने कहा कि यह जांच का विषय है कि मंच पर मौजूद लोग वास्तव में छात्र थे या नहीं, लेकिन कार्यक्रम में उठाए गए छात्र मुद्दों पर चर्चा जरूरी है। 

MP के अलग-अलग जिलों में होगा कार्यक्रम 

पटवारी ने दिल्ली यूनिवर्सिटी चुनाव के नतीजों को लेकर भी कहा कि किसी चुनाव का परिणाम आने से मुद्दों पर सवाल उठाना बंद नहीं हो जाता। उन्होंने बीजेपी द्वारा लगाए गए होर्डिंग को लेकर तंज कसते हुए कहा कि इससे कांग्रेस का प्रचार ही हुआ और इसके लिए उन्होंने शहर से माफी भी मांगी। आखिर में पटवारी ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ अब इंदौर तक सीमित नहीं रहेगी और मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों में छात्रों और अभिभावकों के मुद्दों को लेकर अभियान आगे बढ़ाया जाएगा।