Indore Chhatron Ki Goonj : राहुल गांधी के आने से पहले इंदौर में लगे झूठ की गूंज के पोस्टर, QR कोड में झूठे दावों का जिक्र
Indore Chhatron Ki Goonj :पोस्टर पर एक QR कोड भी दिया गया है। इसे स्कैन करने पर एक वेबसाइट खुलती है जहां राहुल गांधी की पिछली कुछ रैलियों में किए गए दावों को लेकर सवाल उठाए गए हैं।
Indore Chhatron Ki Goonj : मध्य प्रदेश। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 19 सितंबर को इंदौर में छात्रों के कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ में शामिल होंगे। उनके दौरे से पहले शहर में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। कई प्रमुख चौराहों और रास्तों पर राहुल गांधी के विरोध में होर्डिंग और बैनर लगाए गए हैं। इनमें लिखा है, ‘झूठ की गूंज पर होगी सत्य की विजय।’
QR कोड से जुड़ी वेबसाइट पर दावों की पड़ताल
पोस्टरों पर दिए QR कोड को स्कैन करने पर एक वेबसाइट खुलती है। वेबसाइट पर राहुल गांधी की कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे की रैलियों में दिए गए भाषणों का उल्लेख है। वेबसाइट के अनुसार करीब 40 दावों की पड़ताल की गई है। इनमें कुछ दावों को गलत और कुछ को भ्रामक बताया गया है। वेबसाइट ने 169 स्रोतों से जानकारी जुटाने का दावा किया है, जिनमें सरकारी वेबसाइट, संसद से जुड़ी जानकारी और न्यूज वेबसाइट शामिल हैं।

कांग्रेस ने भाजपा पर लगाए आरोप
जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने आरोप लगाया कि पिछले 20 दिनों से भाजपा, पुलिस और प्रशासन के जरिए कार्यक्रम को रोकने का प्रयास किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि पोस्टरों से भाजपा का रुख सामने आया है। कांग्रेस का कहना है कि विरोध के बावजूद ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा शामिल होंगे।
दोपहर 1.30 बजे इंदौर पहुंचेंगे राहुल
राहुल गांधी करीब 1.30 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद रेडिसन होटल जाएंगे। शाम करीब 5 बजे वे रीजनल पार्क के सामने भारत जोड़ो मैदान में आयोजित कार्यक्रम के लिए रवाना होंगे। रात करीब 9 बजे उनके दिल्ली रवाना होने की जानकारी है।
कई रास्तों पर ट्रैफिक प्रतिबंध
पुलिस ने कार्यक्रम को देखते हुए दोपहर करीब 1 बजे से ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया है। राऊ, राजेंद्र नगर, चोइथराम, बिजलपुर, आईटी पार्क और तीन इमली सहित कई मार्गों पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। कुछ रास्तों को नो-व्हीकल जोन बनाया गया है, जबकि भंवरकुआं से राजीव गांधी चौराहे तक चार पहिया वाहनों की आवाजाही भी प्रतिबंधित रहेगी।

