IPS Dangi Case : IPS डांगी केस में हाईकोर्ट का अंतिम मौका, शासन 7 दिन में जवाब दे; लेटलतीफी पर फटकार
IPS Dangi Case : कोर्ट के निर्देश के बावजूद शासन की ओर से अब तक जांच रिपोर्ट पेश नहीं की गई है। जस्टिस एके प्रसाद की बेंच ने राज्य सरकार को अंतिम मौका दिया है।
IPS Dangi Case : बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के निलंबित IPS अधिकारी रतनलाल डांगी से जुड़े यौन उत्पीड़न मामले में हाईकोर्ट ने शासन की देरी पर नाराजगी जताई है। कोर्ट के निर्देश के बावजूद शासन की ओर से अब तक जवाब और जांच रिपोर्ट पेश नहीं की गई है। जस्टिस एके प्रसाद की बेंच ने राज्य सरकार को अंतिम मौका दिया है। कोर्ट ने एक सप्ताह के भीतर शिकायत पर की गई कार्रवाई की पूरी जानकारी शपथ पत्र के साथ पेश करने का आदेश दिया है।
जांच पर पीड़िता की पत्नी ने उठाए सवाल
मामले में यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली महिला के पति की पत्नी ने जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने जांच किसी वरिष्ठ महिला IAS अधिकारी से कराने की मांग की है। उनका कहना है कि मौजूदा जांच अधिकारियों में एक आरोपी के समान रैंक के थे, जबकि दूसरी अधिकारी उनसे जूनियर थीं। इसी आधार पर उन्होंने हाईकोर्ट से जांच अधिकारियों को बदलने की मांग की है।
29 सितंबर को होगी अगली सुनवाई
हाईकोर्ट ने शासन को जवाब दाखिल करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया है। कोर्ट ने चेतावनी दी है कि तय समय में जानकारी पेश नहीं करने पर संबंधित अधिकारी को अगली सुनवाई में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना पड़ सकता है। मामले की अगली सुनवाई 29 सितंबर को होगी। याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता अभिषेक पाण्डेय और ऋषभदेव साहू ने पैरवी की।
महिला ने लगाए गंभीर आरोप
मामले में कोरबा की एक महिला योग टीचर ने IPS रतनलाल डांगी पर ऑनलाइन योग क्लास के दौरान कथित अश्लील बातचीत और वीडियो कॉल पर आपत्तिजनक व्यवहार का आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि उसकी बात नहीं मानने पर डांगी ने उसके सब इंस्पेक्टर पति को झूठे आपराधिक मामले में फंसाने और नक्सल प्रभावित क्षेत्र में ट्रांसफर करने की धमकी दी।
2025 में DGP से की थी शिकायत
पीड़िता ने 15 अक्टूबर 2025 को कथित सबूतों के साथ तत्कालीन DGP से शिकायत की थी। इसके बाद मार्च 2026 में डांगी को निलंबित किया गया। जांच के लिए तत्कालीन IG आनंद छाबड़ा और तत्कालीन DIG मिलना कुर्रे को जिम्मेदारी दी गई थी। पीड़िता ने इसी जांच व्यवस्था पर आपत्ति जताते हुए वरिष्ठ महिला IAS अधिकारी से जांच कराने की मांग को लेकर हाईकोर्ट का रुख किया है।
कौन हैं IPS रतनलाल डांगी?
रतनलाल डांगी छत्तीसगढ़ कैडर के 2003 बैच के IPS अधिकारी हैं। वह बीजापुर, कांकेर, कोरबा और बिलासपुर में SP रह चुके हैं। इसके अलावा सरगुजा, दुर्ग और बिलासपुर रेंज में IG की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वर्तमान में वह चंदखुरी पुलिस ट्रेनिंग सेंटर के निदेशक हैं। मामले में लगे आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगी।

