Rewa Cancer Hospital : रीवा में बन रहा 300 बिस्तरीय कैंसर अस्पताल, निरीक्षण करने पहुंचे डिप्टी CM राजेंद्र शुक्ल
Rewa Cancer Hospital : निरीक्षण के दौरान डिप्टी CM ने भवन के विभिन्न हिस्सों में चल रहे निर्माण कार्यों को देखा। निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों से परियोजना की जानकारी ली।
Rewa Cancer Hospital : मध्य प्रदेश। रीवा के संजय गांधी अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन 300 बिस्तरीय कैंसर अस्पताल और पीजी छात्र-छात्राओं के हॉस्टल का शनिवार को उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों से अलग-अलग हिस्सों में चल रहे काम की जानकारी ली। डिप्टी सीएम ने निर्माण कार्यों को गुणवत्ता और तकनीकी मानकों के साथ तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

निर्माण एजेंसी से ली काम की जानकारी
निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने भवन के विभिन्न हिस्सों में चल रहे निर्माण कार्यों को देखा। उन्होंने निर्माण एजेंसी और संबंधित अधिकारियों से परियोजना की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। सभी जरूरी काम निर्धारित समय के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि अस्पताल की सुविधा जल्द शुरू की जा सके।

आधुनिक मशीनों से होगा कैंसर का इलाज
संजय गांधी अस्पताल परिसर में विकसित की जा रही कैंसर यूनिट में आधुनिक चिकित्सा उपकरण लगाए जाने की तैयारी भी चल रही है। इसमें लीनियर एक्सीलरेटर, ब्रैकीथेरेपी और सीटी सिमुलेटर जैसी सुविधाएं शामिल हैं। मशीनों की स्थापना से पहले भवन और बंकर में बिजली, केबलिंग समेत जरूरी तकनीकी काम पूरे किए जाने हैं।

महानगरों पर निर्भरता होगी कम
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल पहले भी कह चुके हैं कि कैंसर यूनिट शुरू होने के बाद रीवा और आसपास के मरीजों को इलाज के लिए दूसरे बड़े शहरों की ओर जाने की जरूरत कम होगी। आधुनिक उपचार सुविधाएं उपलब्ध होने से गंभीर कैंसर मरीजों को क्षेत्र में ही उपचार की सुविधा मिल सकेगी।

पीजी हॉस्टल का भी किया निरीक्षण
डिप्टी सीएम ने पीजी छात्र-छात्राओं के लिए निर्माणाधीन हॉस्टल का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को हॉस्टल से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने दोनों परियोजनाओं में गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने को कहा।


