मुंबई में खौफनाक हादसा : तेज रफ्तार BMW कार ब्रिज से नीचे गिरी, 3 युवकों की मौत

Mumbai BMW Accident : पुलिस के मुताबिक, काले रंग की BMW मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही थी। तेज रफ्तार होने की वजह से ड्राइवर ने कार पर से कंट्रोल खो दिया और कार फ्लाईओवर से नीचे गिर गई।

मुंबई में खौफनाक हादसा : तेज रफ्तार BMW कार ब्रिज से नीचे गिरी,  3 युवकों की मौत

Mumbai BMW Accident : महाराष्ट्र। मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार सुबह एक तेज रफ्तार BMW फ्लाईओवर से नीचे गिर गई। हादसा सुबह करीब 5:20 बजे हुआ। इस दुर्घटना में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे इलाज के लिए नायर अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मरीन ड्राइव से हाजी अली जा रही थी कार

पुलिस के अनुसार, काले रंग की BMW मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही थी। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि कार तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान चालक ने कार पर नियंत्रण खो दिया। इसके बाद BMW फ्लाईओवर से नीचे जा गिरी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। शुरुआती तौर पर चार लोगों के कुचले जाने की सूचना सामने आई थी।

दो मृतकों की हुई पहचान

नायर अस्पताल के चीफ मेडिकल ऑफिसर के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों में 21 वर्षीय शनाय गज्जल और 17 वर्षीय धिर्या सेठ शामिल हैं। तीसरे मृतक की उम्र करीब 25 साल बताई गई है। हालांकि, उसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है। हादसे में घायल करीब 20 वर्षीय युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। उसका अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में इलाज चल रहा है।

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

मुंबई कोस्टल रोड करीब 10.58 किलोमीटर लंबी सड़क है। यह साउथ मुंबई के मरीन ड्राइव को बांद्रा-वर्ली सी लिंक के वर्ली छोर से जोड़ती है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान दुर्घटना की परिस्थितियों और कार की रफ्तार समेत अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।