बलौदाबाजार स्कूल विवाद : टीचर पर नशे में गाली-गलौज का आरोप, शिकायत करने पर प्रिंसिपल ने छात्र को जड़ा थप्पड़
Balodabazar School Controversy : पीड़ित छात्र के अनुसार, वह प्रिंसिपल और मीडियाकर्मियों के बीच चल रही बातचीत का वीडियो बना रहा था। इसी दौरान प्रिंसिपल ने उसे थप्पड़ मारा।
Balodabazar School Dispute : बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार स्थित पंडित चक्रपाणी मल्टीपरपज स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम स्कूल में विवाद सामने आया है। यहां व्याख्याता नरेश तिवारी पर छात्राओं से गाली-गलौज और मारपीट करने के आरोप लगे हैं। शिक्षक पर शराब के नशे में स्कूल आने का भी आरोप लगाया गया है। छात्रों का कहना है कि शिकायत करने की बात पर उन्हें फेल करने की धमकी दी गई। इसके बाद छात्र अपने परिजनों के साथ प्रिंसिपल से शिकायत करने पहुंचे।
शिकायत के दौरान स्कूल में बढ़ा विवाद
छात्रों और परिजनों की शिकायत के दौरान स्कूल में मीडियाकर्मी भी पहुंचे। प्रिंसिपल वंदनी श्रीवास्तव और मीडियाकर्मियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान एक छात्र बातचीत का वीडियो बनाने लगा।
आरोप है कि प्रिंसिपल ने छात्र को वीडियो बनाने से रोका और कहा, “दिस इज माय ऑर्डर।” छात्र के वीडियो बनाते रहने पर प्रिंसिपल ने उसे थप्पड़ मार दिया। घटना के बाद स्कूल परिसर में स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
छात्र ने थप्पड़ मारने की बात बताई
पीड़ित छात्र के अनुसार, वह प्रिंसिपल और मीडियाकर्मियों के बीच चल रही बातचीत का वीडियो बना रहा था। इसी दौरान प्रिंसिपल ने उसे वीडियो बनाने से मना किया। छात्र का आरोप है कि वीडियो बनाना जारी रखने पर उसे थप्पड़ मारा गया। छात्र ने यह भी आरोप लगाया कि प्रिंसिपल बच्चों को पेपर और प्रोजेक्ट में फेल करने की धमकी देती हैं। इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कलेक्टर के निर्देश पर शुरू हुई जांच
मामला प्रशासन तक पहुंचने के बाद कलेक्टर के निर्देश पर शिक्षा विभाग और प्रशासन की टीम स्कूल पहुंची। प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी और तहसीलदार ने विद्यार्थियों, परिजनों और स्कूल प्रबंधन से जानकारी ली।
अधिकारियों ने संबंधित शिक्षक से भी घटना के बारे में पूछताछ की। जांच के बाद पुलिस शिक्षक नरेश तिवारी को मुलाहिजा के लिए अपने साथ ले गई। मेडिकल जांच के बाद ही शराब के नशे में होने के आरोप की स्थिति स्पष्ट होगी।
पत्रकारों ने स्कूल के बाहर दिया धरना
मीडियाकर्मियों ने प्रिंसिपल पर बदसलूकी करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि उन्हें केबिन से बाहर जाने के लिए कहा गया। मीडिया के स्कूल परिसर में प्रवेश को लेकर भी विवाद हुआ। पत्रकारों ने विरोध जताते हुए स्कूल के सामने धरना दिया। फिलहाल शिक्षक और प्रिंसिपल पर लगाए गए आरोपों की जांच चल रही है। प्रशासनिक जांच पूरी होने के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

