FIFA World Cup Final: स्पेन या अर्जेंटीना, 5 एक्सपर्ट्स ने बताया कौन बनेगा चैंपियन
FIFA World Cup 2026 Final में स्पेन और अर्जेंटीना आमने-सामने हैं. जानिए 5 बड़े फुटबॉल एक्सपर्ट्स ने किस टीम को जीत का दावेदार माना और किसका पलड़ा भारी बताया.
फुटबॉल प्रेमियों का इंतजार अब खत्म होने वाला है. फीफा विश्व कप 2026 का फाइनल आज स्पेन और अर्जेंटीना के बीच खेला जाएगा. एक तरफ मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना है, जिसके पास बड़े मैचों का अनुभव और स्टार खिलाड़ियों की मौजूदगी है. दूसरी ओर स्पेन है, जिसने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासित खेल, मजबूत डिफेंस और बेहतरीन टीमवर्क के दम पर फाइनल तक का सफर तय किया है.
फाइनल से पहले दुनिया के कई बड़े फुटबॉल विश्लेषकों और स्पोर्ट्स प्लेटफॉर्म्स ने अपनी भविष्यवाणियां जारी की हैं. दिलचस्प बात यह है कि ज्यादातर विशेषज्ञों ने इस मुकाबले में स्पेन को हल्की बढ़त दी है, जबकि कुछ का मानना है कि अर्जेंटीना का अनुभव मैच का रुख बदल सकता है.
5 बड़े एक्सपर्ट्स ने क्या कहा?
FOX Sports के विशेषज्ञों का मानना है कि स्पेन ने पूरे टूर्नामेंट में सबसे संतुलित फुटबॉल खेली है. टीम की मजबूत डिफेंस और मिडफील्ड पर पकड़ उसे फाइनल में बढ़त दिला सकती है.
CBS Sports के पैनल की राय पूरी तरह एक जैसी नहीं रही. कुछ विशेषज्ञों ने अर्जेंटीना के अनुभव और बड़े मुकाबलों में उसके प्रदर्शन पर भरोसा जताया, जबकि अन्य ने स्पेन की मौजूदा फॉर्म को जीत की सबसे बड़ी वजह बताया.
Squawka के विश्लेषकों ने स्पेन की तेज पासिंग, हाई प्रेसिंग और सामूहिक खेल को उसकी सबसे बड़ी ताकत बताया है. उनका मानना है कि यही रणनीति फाइनल में निर्णायक साबित हो सकती है.
Sports Illustrated Betting के एक्सपर्ट्स ने भी स्पेन को हल्का फेवरेट माना है. उनके अनुसार टीम ने पूरे टूर्नामेंट में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है और दबाव वाले मुकाबलों में भी संतुलन बनाए रखा है.
Yahoo Sports की रिपोर्ट में भी स्पेन को बढ़त दी गई है. विश्लेषकों का कहना है कि अगर स्पेन अपनी रक्षात्मक मजबूती और गेंद पर नियंत्रण बनाए रखता है, तो अर्जेंटीना के लिए रास्ता आसान नहीं होगा.
किस टीम को मिल रहा ज्यादा समर्थन?
अगर इन पांच प्रमुख स्पोर्ट्स प्लेटफॉर्म्स की राय को देखा जाए तो चार ने स्पेन को जीत का प्रबल दावेदार माना है, जबकि कुछ विशेषज्ञों ने अर्जेंटीना की अनुभवशील टीम और उसके स्टार खिलाड़ियों के दम पर मुकाबले को बराबरी का बताया है.
हालांकि फुटबॉल ऐसा खेल है जहां एक पल में पूरा मैच बदल सकता है. फाइनल में दबाव, रणनीति और मौके का सही इस्तेमाल ही तय करेगा कि विश्व कप की ट्रॉफी किस टीम के हाथ में जाएगी.
अब सभी की नजरें इसी बात पर हैं कि क्या स्पेन अपनी शानदार लय को बरकरार रखकर नया इतिहास रचेगा या अर्जेंटीना एक बार फिर दुनिया का चैंपियन बनकर अपनी बादशाहत कायम रखेगा.
Anubhav Dubey 
