Gwalior Honor Killing : ग्वालियर में बेटी की हत्या, बॉयकट-जॉब करने से नाराज पिता-चाचा ने पीट-पीटकर ली जान

Gwalior Honor Killing : पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे युवती की नौकरी और उसके बालों को लेकर परिवार की नाराजगी सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

Gwalior Honor Killing : ग्वालियर में बेटी की हत्या, बॉयकट-जॉब करने से नाराज पिता-चाचा ने पीट-पीटकर ली जान

Gwalior Honor Killing : मध्य प्रदेश ग्वालियर जिले में 21 वर्षीय युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, डबरा के पिछोरपुरा गांव में युवती के पिता और चाचा पर उसकी हत्या करने का आरोप है। मृतका की पहचान अनु उर्फ नंदनी यादव के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि परिवार उसके बाहर नौकरी करने और बॉयकट बाल रखने से नाराज था। पुलिस ने इस मामले को ऑनर किलिंग से जोड़कर जांच शुरू की है। यह पूरा मामला डबरा क्षेत्र का बताया जा रहा है। 

रक्षाबंधन पर कर्नाटक से घर आई थी नंदनी

पुलिस के मुताबिक, नंदनी कर्नाटक के विजयपुर स्थित एक मॉल में नौकरी करती थी। वह रक्षाबंधन के मौके पर अपने घर आई थी। आरोप है कि उसके बाहर नौकरी करने और अपनी पसंद के अनुसार बॉयकट बाल रखने को लेकर परिवार के कुछ लोग नाराज थे। सोमवार को इसी विवाद के बीच घर में पिता भगवान सिंह यादव और चाचा संतोष सिंह यादव पहुंचे। इसके बाद परिवार में विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई।

छोटी बहन से भी मारपीट का आरोप

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहले नंदनी की 17 वर्षीय छोटी बहन के साथ मारपीट की। उसे कथित तौर पर घसीटकर पीटा गया और गला दबाने की कोशिश की गई। उसकी मां ने बीच-बचाव कर उसे बचाया। मारपीट के बाद नाबालिग कुछ समय के लिए बेहोश हो गई। पुलिस इस घटना को भी मामले की जांच का हिस्सा मान रही है और नाबालिग से जुड़े पुराने मामलों की जानकारी जुटा रही है।

मुंह बोले भाई के साथ भी मारपीट

घटना के दौरान नंदनी दूसरे घर में अपने मुंह बोले भाई मनमोहन पांडे के साथ थी। आरोप है कि पिता और चाचा ने वहां पहुंचकर पहले भाई मनमोहन के साथ मारपीट की।

पुलिस के अनुसार, उसके सिर को दीवार से टकराया गया, जिससे उसके चेहरे और गले पर चोट आई और वह भी बेहोश हो गया। इसके बाद आरोपियों ने नंदनी के साथ मारपीट की। पुलिस के मुताबिक, युवती के सिर पर डंडे से वार किया गया और गला दबाकर उसकी हत्या की गई।

मां को कमरे में बंद करने का भी आरोप

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि नंदनी की मां ने जब मारपीट रोकने की कोशिश की तो उसे कथित तौर पर कमरे में बंद कर दिया गया और उसके साथ भी मारपीट की गई। घटना के बाद गांव में हत्या की जानकारी फैल गई।

पुलिस को सूचना मिलने के बाद टीम मौके पर पहुंची और नंदनी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया है।

पिता गिरफ्तार चाचा की तलाश जारी

हत्या के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे। सूचना मिलने पर पिछोर थाना प्रभारी शिवम सिंह राजावत पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी बताए जा रहे पिता भगवान सिंह यादव को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, चाचा संतोष सिंह यादव की तलाश की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है और हत्या की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

पुलिस ने बताया ऑनर किलिंग का मामला

एसडीओपी सौरभ कुमार के अनुसार, पिछोर में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे युवती की नौकरी और उसके बालों को लेकर परिवार की नाराजगी सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

नंदनी की 17 वर्षीय बहन के पहले घर से लापता होने से जुड़े मामलों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच के बाद हत्या की पूरी वजह और आरोपों की स्थिति स्पष्ट होगी।