iPhone 18 Pro 9 सितंबर को हो सकता है लॉन्च, जानें क्या - क्या होगा खास

iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max में इस बार चिप, कैमरा, बैटरी, डिस्प्ले और कनेक्टिविटी से जुड़े कई अपग्रेड मिलने की उम्मीद है।

iPhone 18 Pro 9 सितंबर को हो सकता है लॉन्च, जानें क्या - क्या होगा खास

iPhone 18 Pro : हर साल सितंबर में टेक्नोलॉजी की दुनिया की नजरें Apple के नए iPhone पर रहती हैं। इस बार iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max को लेकर चर्चाएं तेज हैं। Apple ने अभी तक लॉन्च इवेंट की तारीख आधिकारिक तौर पर घोषित नहीं की है। हालांकि, रिपोर्ट्स में 9 सितंबर 2026 को संभावित लॉन्च डेट बताया जा रहा है। 

कीमत बढ़ने की भी चर्चा

रिपोर्ट्स के मुताबिक iPhone 18 Pro सीरीज में प्रोसेसर, कैमरा, डिस्प्ले, बैटरी और कनेक्टिविटी से जुड़े बड़े बदलाव हो सकते हैं। भारत में कीमत बढ़ने की भी अटकलें हैं। कुछ रिपोर्ट्स में करीब 20 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी की संभावना जताई है, हालांकि Apple ने कीमत की पुष्टि नहीं की है। 

1. A20 Pro चिप से बढ़ेगी परफॉर्मेंस

iPhone 18 Pro में नया A20 Pro चिप मिलने की उम्मीद है। रिपोर्ट्स के अनुसार यह Apple का पहला स्मार्टफोन चिप हो सकता है, जिसे 2nm प्रोसेस पर तैयार किया जाएगा। छोटी निर्माण प्रक्रिया से परफॉर्मेंस और पावर एफिशिएंसी में सुधार की उम्मीद है। 

इसका फायदा गेमिंग, वीडियो एडिटिंग और ऑन-डिवाइस AI जैसे भारी कामों में मिल सकता है। फोन में 12GB RAM दिए जाने की भी चर्चा है। हालांकि, अंतिम स्पेसिफिकेशन Apple ही बताएगा।

2. C2 मॉडेम से कनेक्टिविटी होगी बेहतर

Apple अपने डिवाइस में ज्यादा कंपोनेंट खुद तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। iPhone 18 Pro में कंपनी का नया C2 मॉडेम मिलने की उम्मीद है। इससे मोबाइल नेटवर्क की परफॉर्मेंस और पावर एफिशिएंसी बेहतर हो सकती है। हालांकि कुछ रिपोर्ट्स में अलग-अलग बाजारों के लिए मॉडेम विकल्प अलग होने की बात भी सामने आई है इसलिए C2 मॉडेम को लेकर अंतिम जानकारी लॉन्च के समय ही स्पष्ट होगी।

3. छोटा हो सकता है Dynamic Island

iPhone 18 Pro में Dynamic Island पहले से छोटा होने की चर्चा है। इसका संबंध Face ID के कुछ हिस्सों को डिस्प्ले के नीचे लगाने से जोड़ा जा रहा है। इससे स्क्रीन पर ज्यादा जगह मिल सकती है और फोन का फ्रंट ज्यादा साफ नजर आ सकता है। हालांकि अंडर-डिस्प्ले Face ID को लेकर अभी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। इसलिए इस बदलाव को फिलहाल संभावित फीचर ही माना जा रहा है।

4. कैमरे में आएगा वेरिएबल अपर्चर

iPhone 18 Pro के कैमरा सिस्टम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक तीनों रियर कैमरों में 48MP सेंसर बने रह सकते हैं, जबकि मुख्य कैमरे में वेरिएबल अपर्चर दिया जा सकता है। इसका मतलब है कि कैमरा जरूरत के अनुसार लेंस में आने वाली रोशनी को बदल सकेगा। इससे कम रोशनी में फोटोग्राफी और फोटो में डेप्थ ऑफ फील्ड को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है।

5. मेगापिक्सल से ज्यादा ऑप्टिक्स पर फोकस

Apple इस बार सिर्फ मेगापिक्सल बढ़ाने के बजाय कैमरा ऑप्टिक्स, सेंसर और कंप्यूटेशनल फोटोग्राफी में सुधार पर ध्यान दे सकता है। इससे तस्वीरों की प्रोसेसिंग और अलग-अलग रोशनी में फोटो की गुणवत्ता बेहतर होने की उम्मीद है। फ्रंट कैमरे को लेकर 18MP Center Stage कैमरा मिलने की चर्चा है। हालांकि, फ्रंट कैमरे के अंतिम स्पेसिफिकेशन की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

6. Camera Control को बनाया जा सकता है आसान

iPhone 18 Pro में Camera Control बटन में भी बदलाव की उम्मीद है। रिपोर्ट्स के अनुसार Apple इसके कुछ टच-सेंसिटिव कंपोनेंट हटा सकता है। इसके बावजूद जरूरी कैमरा कंट्रोल उपलब्ध रह सकते हैं। इसका उद्देश्य बटन को ज्यादा आसान और उपयोगी बनाना हो सकता है।

7. LTPO+ डिस्प्ले से बैटरी को फायदा

iPhone 18 Pro में नई LTPO+ डिस्प्ले तकनीक मिलने की खबर है। इसका मुख्य फायदा पावर एफिशिएंसी में हो सकता है। OLED स्क्रीन कम बिजली खर्च करे तो फोन की बैटरी ज्यादा समय तक चल सकती है। बेहतर डिस्प्ले तकनीक के साथ Apple का नया चिपसेट भी पावर बचाने में मदद कर सकता है।

8. Pro Max में बड़ी बैटरी की उम्मीद

iPhone 18 Pro Max में बैटरी क्षमता बढ़ने की सबसे ज्यादा चर्चा है। रिपोर्ट्स में करीब 10 प्रतिशत बड़े बैटरी पैक की बात कही गई है। कुछ लीक के अनुसार अमेरिकी मॉडल में 5,425mAh और फिजिकल SIM वाले मॉडल में 5,235mAh बैटरी हो सकती है। A20 Pro चिप और C2 मॉडेम की बेहतर पावर एफिशिएंसी के साथ बड़ी बैटरी फोन का बैकअप बढ़ा सकती है। हालांकि, ये आंकड़े अभी आधिकारिक नहीं हैं।

9. बढ़ सकता है सैटेलाइट कनेक्टिविटी का दायरा

Apple पहले से iPhone में इमरजेंसी और सीमित कम्युनिकेशन के लिए सैटेलाइट फीचर देता है। iPhone 18 Pro को लेकर रिपोर्ट्स में इसे आगे बढ़ाने की बात कही गई है। संभावित रूप से सैटेलाइट आधारित कनेक्टिविटी का इस्तेमाल पारंपरिक इमरजेंसी सुविधाओं से आगे बढ़ सकता है। कुछ रिपोर्ट्स में सैटेलाइट 5G या इंटरनेट कनेक्टिविटी की संभावना जताई गई है, लेकिन Apple ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

लॉन्च से पहले सबसे जरूरी बात

iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max में इस बार चिप, कैमरा, बैटरी, डिस्प्ले और कनेक्टिविटी से जुड़े कई अपग्रेड मिलने की उम्मीद है। 2nm A20 Pro चिप, वेरिएबल अपर्चर कैमरा, छोटा Dynamic Island और बड़ी बैटरी इसे पिछले मॉडल से अलग बना सकते हैं।