IND vs AFG Practice Session: बुमराह ने वैभव सूर्यवंशी को किया परेशान, ईशान किशन की इंजरी ने बढ़ाई टेंशन

IND vs AFG Practice Session में जसप्रीत बुमराह ने वैभव सूर्यवंशी को जमकर परेशान किया. वहीं ईशान किशन की पीठ में खिंचाव के बाद उनकी फिटनेस पर चिंता बढ़ गई है.

IND vs AFG Practice Session: बुमराह ने वैभव सूर्यवंशी को किया परेशान, ईशान किशन की इंजरी ने बढ़ाई टेंशन

IND vs AFG: भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 सितंबर से शुरू होने वाली सीरीज से पहले टीम इंडिया के प्रैक्टिस सेशन में जसप्रीत बुमराह का अलग ही अंदाज देखने को मिला. 11 सितंबर को नई दिल्ली में हुए अभ्यास सत्र में बुमराह ने टीम के टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों को जमकर परेशान किया. इनमें युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भी शामिल रहे. वहीं, ईशान किशन की चोट ने टीम की टेंशन बढ़ा दी है.  

बुमराह के सामने वैभव नहीं कर सके कमाल

प्रैक्टिस सेशन में पहली बार जसप्रीत बुमराह ने वैभव सूर्यवंशी को गेंदबाजी की. IPl में बुमराह की गेंद पर चौका छक्का जड़ चुके वैभव से इस बार भी रोमांचक मुकाबले की उम्मीद थी., लेकिन नेट्स में बुमराह ने उन्हें ज्यादा मौके नहीं दिए. बुमराह की सटीक लाइन-लेंथ, यॉर्कर और अंदर-बाहर जाती गुड लेंथ गेंदों के सामने वैभव संघर्ष करते नजर आए. एक गेंद तो उनके बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर के पीछे चली गई.

वैभव सिर्फ एक गेंद पर बड़ा शॉट लगा सके. बुमराह की यह गेंद थोड़ी ओवरपिच थी, जिसका फायदा उठाकर वैभव ने उसे बाउंड्री के पार पहुंचा दिया. इसके अलावा ज्यादातर गेंदों पर बुमराह का पलड़ा भारी रहा.

अर्शदीप और यश ठाकुर ने भी किया परेशान

सिर्फ बुमराह ही नहीं, बाकी तेज गेंदबाजों के सामने भी वैभव को मुश्किलों का सामना करना पड़ा. अर्शदीप सिंह की कई गेंदों पर वह चकमा खाते नजर आए. वहीं, हाल ही में चोटिल हर्षित राणा की जगह टीम में शामिल किए गए यश ठाकुर ने भी वैभव को परेशान किया. फील्डिंग के दौरान भी वैभव का दिन कुछ खास नहीं रहा. उन्होंने बाउंड्री पर तीन कैच छोड़ दिए.

ईशान किशन की पीठ में खिंचाव

प्रैक्टिस सेशन की सबसे बड़ी चिंता ईशान किशन की फिटनेस रही. दलीप ट्रॉफी फाइनल में ईस्ट जोन को खिताब दिलाने वाले ईशान को नवदीप सैनी की बाउंसर के बाद पीठ में खिंचाव महसूस हुआ.

बाउंसर से बचने के बाद ईशान कुछ असहज नजर आए। टीम के फिजियो कमलेश जैन ने उनकी जांच की और उन्हें उपचार भी दिया। इसके बाद ईशान नेट सेशन में आगे हिस्सा नहीं ले सके. ईशान की चोट कितनी गंभीर है, इसका पता अगले प्रैक्टिस सेशन में चल सकता है. ऐसे में 13 सितंबर से शुरू होने वाली सीरीज से पहले उनकी फिटनेस टीम इंडिया के लिए अहम हो गई है.

बुमराह की वापसी ने बढ़ाया भरोसा

इंग्लैंड में घुटने की चोट के बाद वापसी कर रहे जसप्रीत बुमराह प्रैक्टिस में अच्छी लय में नजर आए। शुरुआत की कुछ गेंदों को छोड़ दें तो उन्होंने लगातार सही लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी की. श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन समेत टीम के कई बल्लेबाजों को भी बुमराह की गेंदों का सामना करना पड़ा. नेट्स में उनकी गेंदबाजी और लय ने संकेत दे दिया है कि अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में वह टीम इंडिया के सबसे बड़े हथियार साबित हो सकते हैं.

जिस गेंद पर वैभव का बल्ला लगा और गेंद एज होकर पीछे गई, उस पर बुमराह का जोरदार अपील करना भी उनकी तैयारी और आक्रामकता दिखा रहा था. अब नजर 13 सितंबर से शुरू होने वाली सीरीज पर है, जहां बुमराह अफगानिस्तान की बल्लेबाजी लाइनअप के सामने चुनौती पेश करते नजर आएंगे.