CG Students Protest : दुर्ग में फिर Gen Alpha का प्रदर्शन, स्कूल में 400 बच्चों को पढ़ाने के लिए सिर्फ 5 टीचर

CG Students Protest : पेंड्रावन के आत्मानंद स्कूल के बच्चों का आरोप है कि उनका कोर्स पूरा नहीं हो पाता। यहां कम से कम 17 टीचर होने चाहिए।

CG Students Protest : दुर्ग में फिर Gen Alpha का प्रदर्शन, स्कूल में 400 बच्चों को पढ़ाने के लिए  सिर्फ 5 टीचर

CG Students Protest : छत्तीसगढ़दुर्ग जिले में स्कूली छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर पांच दिन के भीतर दूसरी बार चक्काजाम कर दिया। धमधा क्षेत्र के पेंड्रावन आत्मानंद स्कूल में 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं संचालित होती हैं। यहां करीब 400 छात्र-छात्राएं पढ़ते हैं, लेकिन स्कूल में केवल 5 शिक्षक हैं। छात्रों का कहना है कि शिक्षकों की कमी के कारण उनका कोर्स समय पर पूरा नहीं हो पा रहा है। उनके अनुसार, स्कूल में कम से कम 17 शिक्षकों की जरूरत है।

मांग पूरी नहीं हुई तो फिर किया प्रदर्शन

शिक्षकों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर छात्रों ने 21 अगस्त को भी प्रदर्शन किया था। उस समय प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे थे और छात्रों की समस्याएं सुनी थीं। छात्रों को उम्मीद थी कि इसके बाद स्कूल में शिक्षकों की कमी दूर कर दी जाएगी लेकिन 25 अगस्त तक स्थिति में बदलाव नहीं आया। इससे नाराज छात्रों ने मंगलवार को दोबारा खैरागढ़-धमधा मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। यह सड़क बेमेतरा और धमधा को जोड़ती है। प्रदर्शन के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

छात्राओं ने कहा- कलेक्टर या शिक्षा मंत्री से करेंगे बात

प्रदर्शन कर रही छात्राओं ने कहा कि वे अपनी समस्या को लेकर केवल कलेक्टर और शिक्षा मंत्री से बात करना चाहती हैं। उनका कहना है कि उनकी मांग पढ़ाई से जुड़ी है। वे किसी राजनीतिक मुद्दे को लेकर प्रदर्शन नहीं कर रही हैं।

छात्रों के मुताबिक, 9वीं से 12वीं तक की पढ़ाई के लिए स्कूल में शिक्षकों की संख्या बहुत कम है। करीब 400 विद्यार्थियों की पढ़ाई की जिम्मेदारी केवल 5 शिक्षकों पर है। छात्रों का दावा है कि स्कूल में कम से कम 17 शिक्षक होने चाहिए। 

शिक्षकों की कमी के कारण कई विषयों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विद्यार्थियों को चिंता है कि समय पर कोर्स पूरा नहीं हुआ तो आगे की परीक्षाओं में उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

ओपन स्कूल बंद करने की भी मांग

छात्रों की मांग केवल शिक्षकों की संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं है। वे स्कूल में संचालित ओपन स्कूल व्यवस्था को बंद करने की मांग भी कर रहे हैं। छात्रों का आरोप है कि स्कूल में जो शिक्षक उपलब्ध हैं, उनमें से कुछ को ओपन स्कूल में भी भेज दिया जाता है। 

इससे नियमित विद्यार्थियों की पढ़ाई और ज्यादा प्रभावित होती है। छात्रों का कहना है कि पहले से ही शिक्षकों की कमी है। ऐसे में उपलब्ध शिक्षकों को भी दूसरी व्यवस्था में भेजे जाने से समस्या गंभीर हो जाती है।

21 अगस्त को भी हुआ था चक्काजाम

पेंड्रावन आत्मानंद स्कूल के छात्रों ने 21 अगस्त को भी शिक्षकों की कमी को लेकर खैरागढ़-धमधा मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन किया था। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सड़क पर बैठ गए थे। इससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ था। 

प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत करके उनकी समस्या सुनी थी। इसके बावजूद चार दिन बाद भी मांग पूरी नहीं हुई। इसी कारण मंगलवार को छात्रों ने फिर से आंदोलन का रास्ता अपनाया।