इंदौर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को इंदौर पहुंच गए। एयरपोर्ट से रेडिसन होटल जाते समय उनसे मिलने पहुंचे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की पुलिस से धक्का-मुक्की भी हुई। इस दौरान कई कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात नहीं कर सके।
राहुल गांधी शाम करीब 5:30 बजे क्षेत्रीय पार्क के सामने स्थित IDA ग्राउंड में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में वे छात्रों और युवाओं से शिक्षा, रोजगार, पेपर लीक और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर संवाद करेंगे। इंदौर में आयोजित यह ‘छात्रों की गूंज’ अभियान का पांचवां कार्यक्रम है।
कार्यक्रम स्थल पर जुटे हजारों युवा
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में छात्र और युवा पहुंच चुके हैं। कांग्रेस की ओर से करीब 2 लाख रजिस्ट्रेशन होने का दावा किया गया है, जबकि कार्यक्रम स्थल पर करीब 15 हजार छात्रों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम स्थल को ‘भारत जोड़ो मैदान’ नाम दिया गया है। एंट्री पास स्कैन करने के बाद दी जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस तथा आयोजकों की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम को पुलिस की ओर से 31 शर्तों के साथ अनुमति मिली है।
‘RAGA’ चश्मा और पोस्टर लेकर पहुंचे युवा
राहुल गांधी के कार्यक्रम में युवाओं के बीच अलग-अलग तरह के पोस्टर और स्लोगन भी नजर आए। कुछ युवा ‘RAGA’ लिखा चश्मा पहनकर पहुंचे। वहीं ग्वालियर से आई दिव्यांशी का पोस्टर भी चर्चा में रहा, जिस पर लिखा था- ‘आपसे प्यार है, इसलिए इंदौर आए हैं।’ कार्यक्रम में राहुल गांधी युवाओं की समस्याएं सुनेंगे और उनके साथ सीधे संवाद करेंगे।
खरगोन के नर्सिंग छात्रों ने बताई परेशानी
कार्यक्रम में पहुंचे खरगोन के कुछ नर्सिंग छात्रों ने परीक्षा नहीं होने और इससे जुड़ी परेशानियों का मुद्दा उठाया। छात्रों का कहना है कि वे लंबे समय से परीक्षा और आगे की पढ़ाई को लेकर परेशान हैं। उन्होंने राहुल गांधी से अपनी समस्याएं उठाने की उम्मीद जताई है।
MR-10 से विजय नगर तक ट्रैफिक प्रभावित
राहुल गांधी के दौरे के चलते MR-10 से विजय नगर तक ट्रैफिक प्रभावित रहा। इस दौरान सड़क पर वाहनों की रफ्तार धीमी हुई। जाम में एक एंबुलेंस भी फंसी, हालांकि रास्ता खुलने के बाद वह आगे निकल गई।
राहुल गांधी के दौरे को देखते हुए इंदौर में ट्रैफिक और सुरक्षा के लिए कई रूट पर बदलाव किए गए हैं।
कार्यक्रम से पहले सियासी पोस्टर वॉर
राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले इंदौर में ‘झूठ की गूंज’ लिखे पोस्टर भी लगाए गए। इन पोस्टरों को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप सामने आए। कांग्रेस ने इसे कार्यक्रम में बाधा डालने की कोशिश बताया, जबकि भाजपा की ओर से इसे राहुल गांधी के खिलाफ छात्रों की प्रतिक्रिया बताया गया।
राहुल गांधी के इंदौर दौरे का मुख्य फोकस फिलहाल युवाओं और छात्रों से संवाद तथा शिक्षा, रोजगार, भर्ती परीक्षाओं और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर उनकी बात सुनना है।