UPDATE : आग में झुलसे एक की मौत, 2 नवजात के इलाज का खर्च उठाएगी मोहन सरकार; परिजनों को 4 लाख का मुआवजा
Chhindwara SNCU Fire Update : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतक बच्ची के परिजन को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
Chhindwara SNCU Fire Update : मध्य प्रदेश। छिंदवाड़ा जिला अस्पताल की NICU (नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई) में आग हादसे में झुलसे तीन नवजात में से एक की मौत हो गई है। बाकी दो नवजात शिशुओं का इलाज जबलपुर जिला अस्पताल में जारी हैं। इस बीच मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मरता के परिजनों को चार लाख रूपए का मुवाजा देने की घोषणा की है। इसके साथ ही सीएम ने बाकी दो बच्चों के इलाज का पूरा खर्चा सरकार द्वारा वहन करने की बात कही है।
कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया
आग लगने के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल कर्मचारियों ने तुरंत अग्निशामक यंत्रों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। इसके साथ ही NICU में मौजूद बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
तीन झुलसे नवजातों की उम्र करीब 6 से 12 दिन बताई गई है। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तीनों को बेहतर इलाज के लिए सुबह करीब 5 बजे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

जबलपुर ले जाते समय एक नवजात की मौत
तीनों बच्चों को इलाज के लिए जबलपुर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में आदित्य वर्मा की नवजात बच्ची ने दम तोड़ दिया। बच्ची का जन्म हादसे से कुछ घंटे पहले ही रात करीब 10:30 बजे हुआ था। परिवार के लिए यह घटना बेहद दर्दनाक रही।
छिंदवाड़ा जिला अस्पताल में पीडियाट्रिक सर्जन उपलब्ध नहीं होने के कारण बच्चों को जबलपुर रेफर किया गया था। हादसे में झुलसे बाकी दो नवजातों का जबलपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी है।
परिवारों ने सरकार से इलाज का खर्च उठाने की मांग की
हादसे के बाद पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से बच्चों के इलाज का पूरा खर्च उठाने की गुहार लगाई है। परिवारों का कहना है कि उनकी आर्थिक स्थिति कमजोर है और लंबे इलाज का खर्च उठाना उनके लिए मुश्किल है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस और अस्पताल प्रबंधन ने जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा मानकों में किसी तरह की कमी थी या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।
डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला जबलपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचे
मामले की गंभीरता को देखते हुए डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला शनिवार शाम करीब 8 बजे जबलपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती दोनों बच्चों का हाल जाना। इसके साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
डिप्टी सीएम ने सरकार की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. नवनीत सक्सेना को बच्चों के इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के कड़े निर्देश दिए।

CM मोहन यादव ने जताया दुख
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छिंदवाड़ा जिला अस्पताल के SNCU के वॉर्मर में आग लगने से झुलसे तीन नवजातों में से एक की इलाज के दौरान हुई मौत पर गहरा दुख जताया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतक बच्ची के परिजन को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
उन्होंने यह भी कहा कि जबलपुर मेडिकल कॉलेज में उपचाररत दोनों बच्चों के संपूर्ण इलाज का खर्च राज्य सरकार उठाएगी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर छिंदवाड़ा जिला प्रशासन के अधिकारी जबलपुर मेडिकल कॉलेज के डीन के लगातार संपर्क में हैं।

