कांग्रेस विधायक गिरफ्तार: रीवा में धरने पर बैठे अभय मिश्रा, कल्पना मिश्रा मौत मामले में कर रहे थे विरोध
कल्पना मिश्रा मौत मामले में प्रदर्शन: रीवा के सिरमौर चौराहे पर अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा धरना दे रहे थे, जहां से उन्हें भारी पुलिस बल के साथ प्रशासन ने गिरफ्तार किया
रीवा में कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा को पुलिस ने धरने के दौरान गिरफ्तार कर लिया। विधायक अभय मिश्रा अपने समर्थकों के साथ सिरमौर चौराहे पर धरने पर बैठे थे। वे कल्पना मिश्रा की मौत के मामले में उनके पिता को धरने से उठाए जाने का विरोध कर रहे थे। मौके पर भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

प्रशासन की ओर से एसडीएम अनुराग तिवारी ने बताया कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह धरना देने की अनुमति नहीं थी। नियमों का उल्लंघन किए जाने के चलते विधायक को पुलिस ने गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान मौके पर समर्थकों की भीड़ मौजूद रही और कुछ देर तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।
कांग्रेस विधायक को घसीटते ले गई पुलिस
रीवा में कल्पना मिश्रा के पिता को सिरमौर चौराहे से हटाकर अस्पताल भेजे जाने के विरोध में गुरुवार दोपहर कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा अपने समर्थकों के साथ धरना स्थल पर पहुंचे। मौके पर पहले से भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात थे। विधायक और अधिकारियों के बीच काफी देर तक बहस हुई। इसके बाद पुलिस ने अभय मिश्रा को मौके से हटाकर हिरासत में ले लिया। इस दौरान विधायक और पुलिसकर्मियों के बीच खींचतान भी देखने को मिली।

धारा 144 को लेकर अधिकारियों से सवाल
सिरमौर चौराहे पर पहुंचते ही अभय मिश्रा ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से लोगों को वहां एकत्र होने से रोकने का कारण पूछा। उन्होंने धारा 144 लागू होने को लेकर भी अधिकारियों से सवाल किए। इस दौरान एसडीएम अनुराग तिवारी और विधायक के बीच काफी देर तक बहस हुई।

प्रशासन की ओर से विधायक और उनके समर्थकों से चौराहे से हटने तथा वहां भीड़ नहीं लगाने को कहा गया। विधायक ने पुलिसकर्मियों से उन्हें हाथ नहीं लगाने की बात कही। बहस बढ़ने के बाद पुलिसकर्मी उन्हें मौके से हटाने लगे। इस दौरान कुछ समय के लिए समर्थकों और पुलिस के बीच खींचतान की स्थिति भी बनी।
परिवार की मांग को दबाया नहीं जा सकता
हिरासत में लिए जाने से पहले अभय मिश्रा ने प्रशासन की कार्रवाई पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि वे कल्पना मिश्रा के परिवार की मांग को लेकर यहां पहुंचे हैं। विधायक ने कहा कि परिवार को न्याय मिलने तक वे उनकी आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए।

2 सितंबर से धरने पर बैठे थे कल्पना के पिता
कल्पना मिश्रा के पिता रामशिरोमणि मिश्रा 2 सितंबर से सिरमौर चौराहे पर धरना और अनशन कर रहे थे। वे अपनी बेटी और नवजात बच्चे की मौत के मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर और कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
लगातार अनशन के बीच तबीयत बिगड़ने पर 16 सितंबर को पुलिस और प्रशासन की टीम उन्हें धरना स्थल से हटाकर जिला अस्पताल ले गई थी। प्रशासन ने मौके पर लगा टेंट भी हटवा दिया था। अधिकारियों के अनुसार स्वास्थ्य स्थिति और चौराहे पर यातायात व्यवस्था को देखते हुए यह कार्रवाई की गई। प्रशासन ने यह भी कहा था कि प्रदर्शन के लिए वैध अनुमति नहीं थी।
26 अगस्त को हुई थी कल्पना और नवजात की मौत
कल्पना मिश्रा और उनके नवजात बच्चे की 26 अगस्त को संजय गांधी अस्पताल में मौत हुई थी। इसके बाद से परिवार मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है। मामले में प्रशासन की ओर से मजिस्ट्रियल जांच शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई है। परिवार की मांग है कि जांच के साथ जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाए।

पहले भी प्रदर्शन कर चुके हैं अभय मिश्रा
कल्पना मिश्रा मामले को लेकर कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा इससे पहले भोपाल में भी प्रदर्शन कर चुके हैं। पिता को धरना स्थल से हटाए जाने के बाद गुरुवार को वह समर्थकों के साथ सिरमौर चौराहे पहुंचे थे। उनके पहुंचने के बाद पुलिस और प्रशासन ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। विधायक को हिरासत में लिए जाने के बाद पुलिस ने चौराहे पर मौजूद लोगों को भी वहां से हटाया।
Varsha Shrivastava 
