Bilaspur Spa Center : स्पा सेंटर में कस्टमर्स से संबंध बनाने का दबाव, पीड़िता बोले- मना करने पर संचालक ने सैलरी रोकी

Bilaspur Spa Center : पीड़िता के मुताबिक, स्पा संचालक अमन सेन और उसका बड़ा भाई लोकेश सेन उस पर ग्राहकों के साथ गलत काम करने का दबाव बनाते थे।

Bilaspur Spa Center : स्पा सेंटर में कस्टमर्स से संबंध बनाने का दबाव, पीड़िता बोले- मना करने पर संचालक ने सैलरी रोकी

Bilaspur Spa Center : बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 36 सिटी मॉल स्थित एक्वा वेलनेस स्पा सेंटर को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। दिल्ली की रहने वाली 22 वर्षीय युवती ने स्पा संचालक और उसके भाई पर ग्राहकों के साथ गलत काम करने का दबाव बनाने, छेड़छाड़ और मारपीट करने का आरोप लगाया है। युवती के अनुसार, विरोध करने पर उसका वेतन रोक दिया गया। बाद में बकाया सैलरी मांगने पहुंचने पर उसके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई और मोबाइल फोन भी छीनकर तोड़ दिया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

3 महीने से स्पा सेंटर में कर रही थी काम

पीड़िता मूल रूप से दिल्ली की रहने वाली है और फिलहाल सकरी थाना क्षेत्र में रहती है। उसने पुलिस को बताया कि वह करीब तीन महीने से 36 सिटी मॉल स्थित एक्वा वेलनेस स्पा सेंटर में काम कर रही थी।

उसके आरोप के मुताबिक, स्पा संचालक अमन सेन और उसका बड़ा भाई लोकेश सेन उस पर ग्राहकों के साथ गलत काम करने का दबाव बनाते थे। युवती का कहना है कि उसने इस तरह का काम करने से इनकार किया और विरोध किया।

विरोध करने पर वेतन रोकने का आरोप

युवती ने शिकायत में आरोप लगाया कि अमन सेन अक्सर उसे प्राइवेट केबिन में ले जाता था और उसके साथ कथित तौर पर गलत तरीके से व्यवहार करता था। युवती के मुताबिक, उसने इन हरकतों का विरोध किया और नौकरी छोड़ने की बात कही। इसके बाद उसका वेतन रोक दिया गया। बकाया सैलरी मांगने के लिए वह कई बार स्पा सेंटर गई, लेकिन कथित तौर पर उसे परेशान किया गया।

सैलरी मांगने पहुंची तो मारपीट का आरोप

युवती के मुताबिक, 22 अगस्त को वह अपनी सैलरी मांगने स्पा सेंटर पहुंची थी। वहां अमन सेन ने कथित तौर पर उसके साथ बदसलूकी की। इसके बाद 25 अगस्त की शाम करीब 7 बजे वह दोबारा सेंटर पहुंची।

शिकायत के अनुसार, वहां मौजूद लोकेश सेन ने भाई को बदनाम करने का आरोप लगाते हुए उसके साथ छेड़छाड़ की। युवती ने घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की तो उसका मोबाइल कथित तौर पर छीन लिया गया।

मोबाइल तोड़ने और हाथ मरोड़ने का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसे अश्लील गालियां दीं और मुक्के से मारपीट की। इसके अलावा उसका दायां हाथ भी मरोड़ दिया गया। युवती के अनुसार, इस घटना में उसके हाथ और कंधे में चोट आई। पुलिस ने शिकायत दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपों की पुष्टि करने में जुटी है।

CCTV फुटेज हटाने और धमकी देने का आरोप

युवती ने आरोप लगाया कि घटना के सबूत मिटाने के लिए स्पा सेंटर में लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग डिलीट कर दी गई। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसे आरोपियों के प्रभाव और पहुंच का डर दिखाकर धमकाया गया।

शिकायत के मुताबिक, बाद में अमन सेन ने फोन पर भी गाली-गलौज की और पुलिस के पास जाने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस अब इन आरोपों की भी जांच कर रही है।

संचालक पर पहले भी लगाए जा चुके हैं आरोप

पूर्व ASP से जुड़ा मामला भी सामने आया था। स्पा सेंटर संचालक अमन सेन पहले भी एक अलग मामले को लेकर चर्चा में रहा है। उसने पूर्व एडिशनल एसपी सिटी राजेंद्र जायसवाल पर काम करने के बदले पैसे मांगने का आरोप लगाया था।

अमन सेन ने एसपी कार्यालय में अपने और तत्कालीन एएसपी के बीच हुई कथित बातचीत का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया था। इसके बाद डिप्टी सीएम विजय शर्मा के निर्देश पर एसपी को निलंबित किया गया था और विभागीय जांच के आदेश दिए गए थे।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

आरोपों की पुष्टि जांच के बाद होगी। युवती की शिकायत के आधार पर पुलिस ने स्पा सेंटर संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना से जुड़े CCTV फुटेज, मोबाइल और अन्य साक्ष्यों की जांच कर सकती है।

साथ ही शिकायत में लगाए गए छेड़छाड़, मारपीट, धमकी और गलत काम के लिए दबाव बनाने के आरोपों की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर होगी।