अनुशासन समिति की बैठक में बड़ा फैसला : 20 कांग्रेस नेताओं का निष्कासन रद्द , कुकरेजा- डोंगरे समेत कई की घर वापसी पक्की

CG Leaders Expulsion Revoked : पार्टी के मुताबिक, बाकी 16 नेताओं के निष्कासन पर अभी विचार चल रहा है। इनमें अमित जोगी, रेणु जेगी और बृहस्पति सिंह के नाम शामिल हैं।

अनुशासन समिति की बैठक में बड़ा फैसला : 20 कांग्रेस नेताओं का निष्कासन रद्द , कुकरेजा- डोंगरे समेत कई की घर वापसी पक्की

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने पार्टी से निष्कासित नेताओं की वापसी की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शनिवार को हुई प्रदेश कांग्रेस की अनुशासन समिति की बैठक में निष्कासित 36 नेताओं के मामलों पर चर्चा हुई। इनमें से पहली सूची में शामिल कई नेताओं का निष्कासन तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया है। इसके बाद संबंधित नेताओं के लिए पार्टी संगठन में दोबारा सक्रिय होने का रास्ता खुल गया है।

16 नेताओं पर फैसला बाकी

पार्टी के मुताबिक, बाकी 16 नेताओं के निष्कासन पर अभी विचार चल रहा है। इनमें अमित जोगी, रेणु जेगी और बृहस्पति सिंह के नाम शामिल हैं। इन नेताओं को लेकर अनुशासन समिति की प्रक्रिया आगे जारी रहेगी।

रायपुर, मुंगेली और अन्य जिलों के नाम

पहली सूची में रायपुर, राजनांदगांव, गरियाबंद, मुंगेली और कोंडागांव समेत कई जिलों के नेताओं के नाम शामिल हैं। रायपुर से आनंद कुकरेजा, पूनम पांडेय और विशाल रजानी का निष्कासन रद्द किया गया है। मुंगेली से पार्षद विनय चोपड़ा को भी पार्टी ने राहत दी है।

पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में हुई थी कार्रवाई

आनंद कुकरेजा को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में छह साल के लिए निष्कासित किया गया था। इससे पहले उनके बेटे अजीत कुकरेजा को 2023 में रायपुर उत्तर विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने के मामले में कांग्रेस ने निष्कासित किया था। इसके बाद आनंद कुकरेजा समेत अन्य नेताओं पर भी संगठनात्मक कार्रवाई हुई थी।

गरियाबंद और राजनांदगांव के नेताओं की वापसी

गरियाबंद से गोरेलाल सिन्हा, राधोवा महाड़िक, भविष्य प्रधान, ऋतिक सिन्हा और भानुप्रताप साहू का निष्कासन रद्द किया गया है। कोंडागांव से सुशील सोनी का नाम सूची में है।

राजनांदगांव से सगीर खान, सिद्धार्थ डोंगरे, राजेश गुप्ता, जितेश सिमनकर, सकूर चौहान, सुनीता सिन्हा, आशीष सोनकर और शशांक डोंगरे समेत अन्य नेताओं के निष्कासन को रद्द करने का फैसला हुआ है। सूची में अंजू बंजारे और श्यामबती सिन्हा के नाम भी शामिल हैं।

तत्काल प्रभाव से लागू हुआ आदेश

प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि अनुशासन समिति के निर्णय के अनुसार संबंधित नेताओं का निष्कासन तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाता है। यह आदेश प्रभारी महामंत्री संगठन एवं प्रशासन मलकीत सिंह गैदू की ओर से जारी किया गया है। पार्टी के अनुसार, निष्कासित नेताओं को संगठन में वापस लेने की प्रक्रिया के तहत आगे भी फैसले लिए जा सकते हैं।