महिला पार्षद पर विवादित टिप्पणी: मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का बयान वायरल, कांग्रेस ने जताई आपत्ति

इंदौर में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बयान पर विवाद, महिला पार्षद संध्या यादव की शारीरिक बनावट पर टिप्पणी का वीडियो वायरल, AICC मीडिया कोऑर्डिनेटर नीलाभ शुक्ला ने बताया निंदनीय

महिला पार्षद पर विवादित टिप्पणी: मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का बयान वायरल, कांग्रेस ने जताई आपत्ति

इंदौर में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की एक टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। वार्ड नंबर 6 में करीब 7 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान मंत्री विजयवर्गीय ने सार्वजनिक मंच से वार्ड की महिला पार्षद संध्या यादव को लेकर उनकी शारीरिक बनावट पर टिप्पणी की।

कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कांग्रेस ने इस टिप्पणी पर आपत्ति जताई है। AICC मीडिया कोऑर्डिनेटर नीलाभ शुक्ला ने मंत्री की टिप्पणी को निंदनीय बताया है।

'संध्या दीदी की चौड़ाई बढ़ गई है'

दरअसल, इंदौर में रविवार को इंदौर के वार्ड नंबर 6 में करीब 7 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के लोकार्पण का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी शामिल हुए। इसी दौरान सार्वजनिक मंच से वार्ड नंबर 6 की महिला पार्षद संध्या यादव को लेकर मंत्री की एक टिप्पणी सामने आई, जिसमें उन्होंने कहा कि "संध्या दीदी की भी चौड़ाई बढ़ गई है थोड़ी सी।"

यह टिपण्णी मंत्री कैलाश  विजयवर्गीय ने तब दी जब पार्षद संध्या यादव उन्हीं के पास से गुजरकर माइक स्टैंड के पास आ रही थी, जिनके पीछे मंत्री जी के एक कार्यकर्ता थे, जिनके दिखाई ना देने पर मंत्री जी ने यह टिपण्णी कर दी।

वायरल वीडियो पर कांग्रेस ने घेरा

वहीं मंत्री की इस टिप्पणी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने इसे लेकर आपत्ति जताई है। AICC मीडिया कोऑर्डिनेटर नीलाभ शुक्ला ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की टिप्पणी को निंदनीय बताया।

नीलाभ शुक्ला ने कहा कि भाजपा अक्सर महिला सम्मान की बात करती है, लेकिन अपनी ही पार्टी की महिला पार्षद की शारीरिक बनावट को लेकर इस तरह की टिप्पणी करना भाजपा और उसके नेताओं की परंपरा बन चुकी है। वहीं, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की इस टिप्पणी के बाद अब इसे लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। जिसमें देखना होगा कि आगे क्या रुख भाजपा और कांग्रेस अपनाती है।