पंढरीनाथ में अचानक जमीन धंसी : राजवाड़ा के पास बना 10 फीट गहरा गड्ढा, मचा हड़कंप
Indore Road Collapse : जिस वक्त अधिकारी झांकी मार्ग का निरीक्षण कर रहे थे, उसी दौरान सड़क के एक हिस्से के धंसने से यहां 10 फीट से ज्यादा गहरा गड्ढा बन गया।
Indore Road Collapse : मध्य प्रदेश। इंदौर में अनंत चतुर्दशी के मौके पर निकलने वाली झांकियों को लेकर प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी झांकी मार्ग का निरीक्षण कर रहे थे, इसी दौरान राजवाड़ा से कुछ ही दूरी पर सड़क धंसने की घटना सामने आ गई। पंढरीनाथ इलाके में अचानक सड़क का एक हिस्सा धंस गया और यहां 10 फीट से ज्यादा गहरा गड्ढा बन गया। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और अस्थाई तौर पर गड्ढे को बंद किया गया।
दरअसल, यह तस्वीरें इंदौर के पंढरीनाथ इलाके की हैं, जहां अनंत चतुर्दशी पर निकलने वाली झांकियों के मार्ग के समीप अचानक सड़क धंस गई। जिस वक्त अधिकारी झांकी मार्ग का निरीक्षण कर रहे थे, उसी दौरान सड़क के एक हिस्से के धंसने से यहां 10 फीट से ज्यादा गहरा गड्ढा बन गया। राजवाड़ा से कुछ ही दूरी पर हुई इस घटना के बाद मौके पर हड़कंप की स्थिति बन गई।
बताया जा रहा है कि कुछ साल पहले इसी इलाके में नाला टेपिंग से जुड़ा काम हुआ था। इसके बाद अब सड़क धंसने की घटना सामने आई है। इससे पहले विजय नगर और जूनी इंदौर इलाके में भी सड़क धंसने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद सड़क निर्माण और मरम्मत के काम की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
वहीं इस घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और गड्ढे को अस्थाई तौर पर बंद कर दिया गया। निगम अधिकारियों के मुताबिक जल्द ही इस स्थान पर व्यवस्थित तरीके से काम कराया जाएगा, ताकि झांकी मार्ग पर आवागमन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

