धर्मा प्रोडक्शन का बड़ा दांव: ‘चांद मेरा दिल’ के लिए रिलीज डे पर टिकट सिर्फ ₹149 और ₹199
धर्मा प्रोडक्शन की फिल्म ‘चांद मेरा दिल’ के लिए रिलीज डे पर खास ऑफर रखा गया है, जिसमें टिकट सिर्फ ₹149 और ₹199 में मिलेंगे। लक्ष्य और अनन्या पांडे स्टारर यह फिल्म 22 मई को रिलीज हो रही है। ये रोमांटिक फिल्म युवाओं को ध्यान में रखकर बनाई गई है।
धर्मा प्रोडक्शन अपनी नई फिल्म चांद मेरा दिल को लेकर एक स्ट्रैटेजी लेकर आई है। इस फिल्म में लक्ष्य और अनन्या पांडे मुख्य किरदार में नजर आएंगे। फिल्म 22 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

रिलीज डे पर सस्ती टिकट
इंडस्ट्री की रिपोर्ट्स के अनुसार, मेकर्स ने लोगों को सिनेमाघरों में फिल्म देखने के लिए एक खास ऑफर शुरू किया है। फिल्म के रिलीज दिन यानी शुक्रवार, 22 मई को दोपहर 5 बजे से पहले सभी शो के टिकट सिर्फ ₹149 में मिलेंगे। इसके बाद शाम 5 बजे के बाद टिकट की कीमत ₹199 होगी। यह ऑफर केवल रिलीज वाले दिन तक ही रहेगा। शनिवार और रविवार को सिनेमाघरों में सामान्य वीकेंड रेट्स लागू होंगे

किन सीटों पर लागू होगा ऑफर?
यह खास टिकट ऑफर सिर्फ रेगुलर सीट्स पर लागू किया गया है। यानी नार्मल सीटिंग में बैठने वाले दर्शक ही इस सस्ती कीमत का फायदा ले पाएंगे। रिक्लाइनर सीटें, लक्ज़री क्लास और प्रीमियम सीटिंग इस योजना के बाहर रखी गई हैं, जिससे हाई एन्ड एक्सपीरियंस लेने वाले दर्शकों के लिए पुरानी कीमतें ही लागू रहेंगी।

युवाओं को टारगेट करने की स्ट्रैटेजी
फिल्म को खास तौर पर यंग ऑडियंस और कॉलेज गोइंग लोगों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। मेकर्स का मानना है कि आज के समय में यूथ ही सिनेमा देखने वाले ऑडियंस का सबसे बड़ा हिस्सा है, इसलिए उन्हें अट्रैक्ट करना फिल्म की ओपनिंग के लिए बहुत जरूरी है। खासकर रोमांटिक फिल्मों के बढ़ते ट्रेंड को देखते हुए फिल्म से अच्छी ओपनिंग की उम्मीद की जा रही है।

फिल्म की टीम और निर्देशन
इस फिल्म का निर्देशन विवेक सोनी ने किया है, जो इससे पहले 'मीनाक्षी सुंदरेश्वर' और 'आप जैसा कोई' जैसी फिल्म बनाने के लिए जाने जाते हैं। फिल्म को इंडस्ट्री के कई बड़े निर्माताओं ने मिलकर बनाया है। जिनमें करण जौहर, हीरू यश जौहर, अदार पूनावाला, अपूर्व मेहता, सोमेन मिश्रा और मरिजके डिसूजा शामिल हैं।
Varsha Shrivastava 
