Asim Riaz के दावों पर Himanshi Khurana का जवाब, बोली- मेरे पास सभी सबूत मौजूद

Asim- Himanshi Controversy : हिमांशी ने कहा कि उन्होंने जबरन धर्म परिवर्तन की बात नहीं कही थी। धर्म परिवर्तन से जुड़े तथ्य, सीसीटीवी फुटेज और रिकॉर्डिंग सामने रखने की बात कही।

Asim Riaz के दावों पर Himanshi Khurana का जवाब, बोली- मेरे पास सभी सबूत मौजूद

Asim- Himanshi Controversy : एंटरटेनमेंट डेस्कएक्ट्रेस हिमांशी खुराना और उनके एक्स बॉयफ्रेंड आसिम रियाज के बीच पुराना विवाद एक बार फिर चर्चा में है। हिमांशी ने सोमवार को आसिम के उन दावों पर जवाब दिया, जिनमें उन्होंने धर्म परिवर्तन को लेकर कही गई बातों से इनकार किया था। हिमांशी ने साफ किया कि उन्होंने कभी जबरन धर्म परिवर्तन की बात नहीं कही थी। उन्होंने कहा कि धर्म परिवर्तन से जुड़े मामले में उनके पास तथ्य और सबूत हैं। जरूरत पड़ने पर वह CCTV फुटेज और रिकॉर्डिंग भी सामने रख सकती हैं।

बोलीं- मैंने निजी जिंदगी हमेशा ईमानदारी से साझा की

हिमांशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि उन्होंने अपनी निजी जिंदगी के बारे में हमेशा सम्मान और समझदारी से बात की है। उन्होंने बिग बॉस के अनुभव, अपनी आध्यात्मिक यात्रा और स्वास्थ्य से जुड़ी बातों को भी लोगों के साथ साझा किया है।

उनका कहना है कि उन्होंने कभी इन बातों का इस्तेमाल किसी को अपमानित करने या निशाना बनाने के लिए नहीं किया। हिमांशी ने कहा कि उन्होंने जबरन धर्म परिवर्तन का आरोप नहीं लगाया था। उनके मुताबिक, यह बात लोगों और मीडिया ने अपने तरीके से पेश की।

स्वास्थ्य को लेकर सवाल उठने पर जताई नाराजगी

हिमांशी ने कहा कि जब उनकी सेहत का मजाक बनाया जाता है और उनकी परेशानियों पर सवाल उठाए जाते हैं, तो उनके लिए चुप रहना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने संकेत दिया कि अब वह अपनी सीमाएं तय करना चाहती हैं।

हिमांशी ने कहा कि अगर उनके सम्मान और निजी अनुभवों पर लगातार सवाल उठेंगे, तो वह हर बात छिपाकर नहीं रखेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि वह अपनी जिंदगी और उससे मिली सीख के बारे में बात करने का अधिकार रखती हैं।

‘सबूतों की बात है तो पूरी बात करेंगे’

हिमांशी ने कहा कि अगर विवाद में सबूतों की बात हो रही है, तो वह पूरी सच्चाई सामने रखने के लिए तैयार हैं। उन्होंने धर्म परिवर्तन से जुड़े मामले के तथ्य और सबूत साझा करने की बात कही। हिमांशी के मुताबिक, उनके पास CCTV फुटेज और रिकॉर्डिंग भी हैं।

उन्होंने 27 नवंबर 2023 की सुबह का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय की घटनाओं से जुड़े सबूत वह सामने रख सकती हैं। उन्होंने अपने साथ हुई कथित हिंसा के सबूत भी साझा करने की बात कही है।

‘अब किसी की इमेज बचाने के लिए चुप नहीं रहूंगी’

हिमांशी ने बिना नाम लिए आसिम पर निशाना साधते हुए कहा कि वह किसी की छवि बचाने के लिए अब हर बात छिपाती नहीं रहेंगी। उन्होंने कहा कि अगर उनकी छवि खराब करने की कोशिश होगी, तो वह चुप नहीं रहेंगी।

हिमांशी ने यह भी आरोप लगाया कि अलग-अलग प्रोडक्शन हाउस और चैनलों से जुड़े लोगों ने कुछ बातों को पहले छिपाया। हालांकि, अब वह ऐसा नहीं करेंगी। उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा अपनी गरिमा बनाए रखी और दूसरों को सम्मान दिया है। बदले में वह भी सम्मान की उम्मीद करती हैं।

विवाद की शुरुआत पारस छाबड़ा के पॉडकास्ट से हुई

मौजूदा विवाद की शुरुआत हिमांशी के पारस छाबड़ा के पॉडकास्ट में दिए गए बयान के बाद हुई। बातचीत के दौरान उनसे पूछा गया था कि क्या उनका धर्म परिवर्तन होने वाला था। हिमांशी ने उस समय एक घटना का जिक्र किया था।

उन्होंने बताया था कि एक रात उनसे कहा गया कि वह एक खास चीज नहीं कर सकतीं। इसके बाद उन्होंने अपने धर्म और आस्था को लेकर कई सवालों पर विचार किया। उन्होंने चार धाम और मंदिरों के दर्शन पूरे करने की इच्छा का भी जिक्र किया था।

पॉडकास्ट में हिमांशी ने कहा था कि धार्मिक मतभेदों के कारण वह अपनी आस्था को लेकर मानसिक रूप से उलझ गई थीं। उन्होंने बताया था कि वह इस बात पर भी सोचने लगी थीं कि अगर वह दूसरे धर्म की प्रार्थनाएं पढ़ेंगी, तो क्या उनकी अपनी आस्था प्रभावित होगी। हिमांशी ने यह भी कहा था कि उनके पूर्व साथी ने उनके साथ गलत व्यवहार नहीं किया था, लेकिन वह अपनी धार्मिक मान्यताओं से समझौता नहीं करना चाहती थीं।

दिसंबर 2023 में हुआ था दोनों का ब्रेकअप

हिमांशी खुराना और आसिम रियाज की मुलाकात बिग बॉस 13 के दौरान हुई थी। इसके बाद दोनों करीब चार साल तक रिश्ते में रहे। 6 दिसंबर 2023 को दोनों ने अलग होने का ऐलान किया था। 

आसिम ने कहा- धर्म को विवाद में हथियार न बनाएं

इससे पहले आसिम रियाज ने सोशल मीडिया पर धर्म परिवर्तन को लेकर अपनी सफाई दी थी। उन्होंने कहा था कि उन्होंने कभी किसी से धर्म बदलने के लिए नहीं कहा। आसिम ने धर्म को निजी विवाद में इस्तेमाल करने पर भी आपत्ति जताई। उनका कहना था कि धर्म बेहद संवेदनशील विषय है और निजी विवाद में इसका इस्तेमाल किसी व्यक्ति के प्रति नफरत पैदा कर सकता है। उन्होंने हिमांशी का नाम सीधे नहीं लिया, लेकिन उनका बयान इसी विवाद के संदर्भ में देखा गया।