जवा में बेखौफ अपराधी एक ही रात में तीन वाहनों को किया आग के हवाले

 जवा में बेखौफ अपराधी, कानून का नहीं रहा डर।एक ही रात में तीन वाहनों को किया आग के हवाले, व्यापारियों व नागरिकों में दहशत

 जवा में बेखौफ अपराधी एक ही रात में तीन वाहनों को किया आग के हवाले

विनोद पांडे रीवा:  जवा में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं ने लोगों की नींद उड़ा दी है। बेखौफ अपराधियों ने एक ही रात में तीन वाहनों को आग के हवाले कर क्षेत्र में सनसनी फैला दी। घटना के बाद व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों में भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त है। वहीं जवा पुलिस की रात्रिकालीन गश्त व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जवा निवासी राधाकृष्ण गुप्ता पिता कृष्ण गोपाल गुप्ता, उम्र 32 वर्ष की मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी-17 एच-2363 को दिनांक 21 जून 2026 की रात लगभग 2 से 3 बजे के बीच अज्ञात अपराधियों द्वारा आग के हवाले कर दिया गया।

इसी रात पड़ोस में रहने वाले अखिलेश कुमार सोनकर का ऑटो क्रमांक एमपी-17 आर-7604, जो उनके घर के सामने टीनशेड के नीचे खड़ा था, उसे भी अपराधियों ने आग लगाकर जला दिया। इतना ही नहीं, राजकुमार सिंह के कमरे के बाहर खड़ी उनकी मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी-04 जेडएम-8422 को भी आग के हवाले कर दिया गया। एक ही रात में तीन वाहनों में आगजनी की इस घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। व्यापारियों एवं जवा नगरवासियों में भय का वातावरण व्याप्त हो गया है। लोग अपने वाहनों और संपत्ति की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर में लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद पुलिस की नियमित रात्रि गश्त प्रभावी दिखाई नहीं दे रही है। इस घटना ने जवा पुलिस की कार्यप्रणाली एवं सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है।
क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस गंभीर घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए तथा उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए। लोगों का कहना है कि यदि अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं होती है तो क्षेत्र की जनता आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। जवा वासियों ने प्रशासन से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।