CSK के नए हेड कोच बने जहीर खान: धोनी ने सुझाया था नाम, IPL 2027 में संभालेंगे टीम की कमान
CSK ने IPL 2027 के लिए जहीर खान को नया हेड कोच नियुक्त किया है. जहीर स्टेफन फ्लेमिंग की जगह लेंगे. CSK CEO के मुताबिक एमएस धोनी ने जहीर का नाम सुझाया था.
CSK Head Coach Zaheer Khan: चेन्नई सुपर किंग्स ने IPL 2027 के लिए अपने नए हेड कोच का ऐलान कर दिया है. टीम इंडिया के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है. जहीर लंबे समय तक CSK के हेड कोच रहे स्टेफन फ्लेमिंग की जगह लेंगे. खास बात यह है कि जहीर का नाम CSK के पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने सुझाया था.
चेन्नई सुपर किंग्स ने 21 सितंबर को जहीर खान को IPL 2027 के लिए अपना नया हेड कोच नियुक्त करने की घोषणा की. जहीर को एक साल का कॉन्ट्रैक्ट दिया गया है, जिसे आगे बढ़ाने का विकल्प भी मौजूद है. फ्लेमिंग के 18 साल के लंबे कार्यकाल के बाद CSK ने पहली बार भारतीय कोच को यह जिम्मेदारी सौंपी है.
धोनी ने सुझाया जहीर का नाम
जहीर खान को CSK का हेड कोच बनाने में एमएस धोनी की भूमिका अहम रही. CSK के CEO कासी विश्वनाथन ने Indian Express को बताया कि जहीर का नाम धोनी ने सुझाया था. इसके बाद टीम की मैनेजमेंट कमेटी ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताई.
मैनेजमेंट में CSK की मालिक रूपा गुरुनाथ और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ भी शामिल थे. टीम ने जहीर के इंटरनेशनल क्रिकेट और IPL में कोचिंग व सपोर्ट स्टाफ के तौर पर अनुभव को देखते हुए उन्हें इस भूमिका के लिए उपयुक्त माना.
धोनी और जहीर भारतीय टीम के लिए लंबे समय तक साथ खेल चुके हैं. दोनों ने IPL में भी एक-दूसरे के खिलाफ कई मुकाबले खेले हैं. यही वजह है कि CSK के सेटअप में जहीर का आना टीम के लिए एक नए दौर की शुरुआत माना जा रहा है.
18 साल बाद बदला CSK का हेड कोच
स्टेफन फ्लेमिंग ने 2009 में CSK के हेड कोच की जिम्मेदारी संभाली थी. इसके बाद उन्होंने करीब 18 साल तक फ्रेंचाइजी के साथ काम किया. इस दौरान CSK ने पांच IPL खिताब जीते. 2016 और 2017 में CSK पर बैन था, इसलिए इन दोनों सीजन में टीम IPL का हिस्सा नहीं थी. बाकी समय फ्लेमिंग ही टीम के कोचिंग सेटअप का प्रमुख चेहरा रहे. 2026 सीजन के बाद फ्लेमिंग ने CSK से अपना नाता खत्म कर लिया. अब जहीर खान के सामने उसी मजबूत सिस्टम को आगे बढ़ाने की चुनौती होगी.
जहीर के पास IPL का लंबा अनुभव
जहीर खान सिर्फ इंटरनेशनल क्रिकेट के अनुभवी खिलाड़ी नहीं हैं, बल्कि IPL फ्रेंचाइजी के साथ काम करने का भी अनुभव रखते हैं. उन्होंने 2008 से 2017 तक IPL में बतौर खिलाड़ी हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने दिल्ली, मुंबई और RCB जैसी टीमों का प्रतिनिधित्व किया. जहीर ने IPL में 100 मुकाबले खेले और 102 विकेट अपने नाम किए. रिटायरमेंट के बाद भी वह IPL से जुड़े रहे. 2018 से 2022 के बीच उन्होंने मुंबई इंडियंस के साथ क्रिकेट ऑपरेशंस से जुड़ी जिम्मेदारियां संभालीं. इसके बाद वह टीम के ग्लोबल हेड ऑफ डेवलपमेंट की भूमिका में भी रहे. 2024 में वह लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ मेंटॉर के तौर पर जुड़े थे.
इंटरनेशनल क्रिकेट में भी शानदार रिकॉर्ड
जहीर खान का इंटरनेशनल करियर भी शानदार रहा है। उन्होंने भारत के लिए 92 टेस्ट में 311 विकेट लिए. वनडे क्रिकेट में उनके नाम 282 विकेट हैं, जबकि T20 इंटरनेशनल में उन्होंने 17 विकेट हासिल किए.
इस तरह इंटरनेशनल क्रिकेट में जहीर के नाम कुल 610 विकेट हैं. 2011 वनडे वर्ल्ड कप में भी वह भारत के सबसे सफल गेंदबाजों में शामिल थे.
CSK के लिए क्यों अहम हैं जहीर?
जहीर के आने से CSK को सबसे ज्यादा फायदा गेंदबाजी विभाग में मिल सकता है। बतौर तेज गेंदबाज उनका लंबा अनुभव युवा और भारतीय गेंदबाजों के लिए उपयोगी हो सकता है.
CSK पिछले कुछ सीजन से लगातार संघर्ष कर रही है। 2023 में टीम ने IPL खिताब जीता था, लेकिन इसके बाद 2024, 2025 और 2026 में टीम प्लेऑफ तक नहीं पहुंच सकी। ऐसे में जहीर के सामने टीम को दोबारा मजबूत बनाने की चुनौती होगी.
उनका तत्काल फोकस टीम के मौजूदा खिलाड़ियों के साथ काम करने के अलावा आगामी मिनी ऑक्शन और टीम के भविष्य के संयोजन पर भी रहेगा. रिपोर्ट के मुताबिक जहीर अपने सपोर्ट स्टाफ के चयन में भी भूमिका निभाएंगे.
जहीर के सामने सबसे बड़ी चुनौती
CSK जैसी फ्रेंचाइजी की कोचिंग करना आसान नहीं होगा. फ्लेमिंग ने लंबे समय तक टीम के लिए एक स्थिर सिस्टम तैयार किया था। अब जहीर को उसी सिस्टम को समझते हुए टीम में जरूरी बदलाव करने होंगे.
सबसे बड़ी चुनौती गेंदबाजी को मजबूत करने और युवा खिलाड़ियों को तैयार करने की होगी. साथ ही उन्हें कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और टीम के अनुभवी खिलाड़ियों के साथ तालमेल बनाकर एक ऐसा संयोजन तैयार करना होगा, जो CSK को फिर से प्लेऑफ की दौड़ में ला सके.
CSK के लिए जहीर की नियुक्ति सिर्फ कोच बदलने का फैसला नहीं है, बल्कि 18 साल पुराने फ्लेमिंग युग के बाद एक नए अध्याय की शुरुआत भी है.

