Jamui Encounter : जमुई कांड के मुख्य आरोपी नंदन यादव का एनकाउंटर! पैर में लगी गोली; अब तक 6 गिरफ्तार
Jamui Encounter : जमुई में नाबालिग छात्र- छात्रा से बदसलूकी करने वाले मुख्य आरोपी नंदन यादव का हाफ एनकाउंटर हो गया है।
Jamui Encounter : बिहार। जमुई में नाबालिग छात्रा से बदसलूकी करने वाले मुख्य आरोपी नंदन यादव का पुलिस ने एनकाउंटर किया है। सूत्रों के अनुसार आरोपी उसी मड़वा पहाड़ी के आसपास छिपा हुआ था जहां दोनों स्टूडेंट घूमने गए थे। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान उसने भागने का प्रयास किया जिसके बाद मुठभेड़ हुई।
आरोपी के पैर में गोली लगी
पुलिस ने नंदन यादव के बाएं पैर में गोली मारी है। उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक वायरल वीडियो में लाल गमछा पहने दिख रहा युवक ही नंदन यादव है। मामले में अब तक छह लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें तीन 35 से 40 साल की उम्र के हैं जबकि तीन नाबालिग हैं।

ADG ने दी जानकारी
एडीजी लॉ एंड ऑर्डर सुहिता अनुपम ने बताया कि नंदन यादव पुलिस से बचकर भागने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई और उसके पैर में गोली लगी। इस मामले में कुछ आरोपी नाबालिग भी थे। पुलिस ने जमुई मामले के सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
वीडियो वायरल करने वाला भी गिरफ्तार
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रामाशीष चौधरी के रूप में हुई है। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर यह कार्रवाई की है।
बिहार में महिलाओं के खिलाफ अपराध
NCRB के आंकड़ों के अनुसार, बिहार में 2024 में महिलाओं के खिलाफ कुल 27,359 मामले दर्ज हुए, जिससे राज्य देश के राज्यों में छठे स्थान पर रहा। इनमें करीब 1,165 दुष्कर्म के मामले शामिल थे, जबकि दहेज मृत्यु के 1,078 मामले दर्ज होने से बिहार देश में दूसरे स्थान पर आ गया। 2022 के मुकाबले महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में 35% से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है, क्योंकि 2022 में ये आंकड़ा 20,222 था जो 2024 में बढ़कर 27,359 हो गया।
घटना 19 सितंबर को हुई थी
घटना 19 सितंबर की शाम करीब 7 बजे की है। दोनों पीड़ित बच्चे 10वीं कक्षा में पढ़ते हैं। शनिवार को ट्यूशन के बाद दोनों जमुई स्थित मड़वा पहाड़ी घूमने गए थे। लौटते समय कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया और इसके बाद घटना हुई।
बिहार के जमुई में छात्रा के साथ बीच सड़क पर छेड़खानी की गई। उसके दोस्त के साथ आरोपियों ने गाली-गलौज और मारपीट की। छात्रा के साथ हुई घटना का वीडियो बनाया गया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया गया।

दोनों छात्रों ने किया विरोध
मड़वा पहाड़ी पर दोनों छात्रों के साथ करीब एक घंटे तक अभद्रता की गई। दोनों ने भागने के लिए कई बार संघर्ष किया। आरोपी छात्रा का पीछा करता दिखा और उसे रोकने की कोशिश की। छात्र तुरंत अपनी दोस्त को बचाने पहुंचा और उसे छुड़ाने की कोशिश की।
दोनों के बीच खींचतान हुई। छात्र किसी तरह अपनी दोस्त को छुड़ा सका। इसके बाद भी आरोपी दोनों को परेशान करने की कोशिश करते रहे। दोनों बच्चे लगातार वहां से निकलने की कोशिश करते रहे। पूरी खबर पढ़नें के लिए यहां क्लिक करें

