New LPG Booking Rules: ग्राहकों को बड़ी राहत, अब 25 दिन में मिलेगा अगला सिलेंडर
LPG बुकिंग नियम में बड़ा बदला: अब नहीं करना होगा लंबा इंतजार, ग्रामीण-शहरी सभी ग्राहक अब 45 नहीं 25 दिन में ही बुक कर पाएंगे अगला सिलेंडर
नई दिल्ली। घरेलू LPG सिलेंडर उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने LPG रीफिल की अगली बुकिंग के लिए तय अंतराल में बदलाव किया है। अब ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के सभी घरेलू LPG उपभोक्ताओं के लिए 25 दिन का समान इंटर-रीफिल बुकिंग गैप लागू किया गया है। मंत्रालय ने इस संबंध में 7 सितंबर 2026 को आदेश जारी किया है।

ग्राहकों को 45 दिन के इंतजार से राहत
मंत्रालय के नए फैसले से सबसे ज्यादा राहत ग्रामीण LPG उपभोक्ताओं को मिलेगी। इससे पहले ग्रामीण क्षेत्रों में एक LPG रीफिल की बुकिंग के बाद अगली बुकिंग के लिए 45 दिन का अंतराल निर्धारित था, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह अवधि 25 दिन थी। अब दोनों क्षेत्रों के लिए नियम एक समान कर दिया गया है।

तत्काल प्रभाव से लागू होगा नया नियम
मंत्रालय के मुताबिक, फरवरी 2026 में मध्य पूर्व में संघर्ष के चलते LPG आपूर्ति और मांग को देखते हुए अस्थायी तौर पर रीफिल बुकिंग के लिए समयसीमा तय की गई थी। उस समय शहरी उपभोक्ताओं के लिए 25 दिन और ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए 45 दिन का अंतर रखा गया था।

अब LPG की मौजूदा आपूर्ति स्थिति में सुधार और रीफिल बैकलॉग में उल्लेखनीय कमी को देखते हुए मंत्रालय ने पुराने प्रावधानों में बदलाव का फैसला किया है। नए नियम के तहत सभी घरेलू LPG उपभोक्ता 25 दिन का अंतर पूरा होने के बाद अगली रीफिल बुक कर सकेंगे।
तेल कंपनियों को लागू करने के निर्देश
मंत्रालय ने Indian Oil Corporation, Bharat Petroleum और Hindustan Petroleum समेत संबंधित तेल विपणन कंपनियों को नए नियम को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए हैं। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के LPG उपभोक्ताओं के लिए बुकिंग व्यवस्था एक समान हो जाएगी।
Varsha Shrivastava 
