भूपेश बघेल के काफिले पर पथराव : BJP- कांग्रेस में झड़प, बघेल बोले - अंग्रेजों से नहीं डरेंगे
Bhupesh Baghel Convoy Attack : छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और असम कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल के काफिले पर हमला हुआ है। आरोप है कि समागुड़ी के बरमा इलाके में BJP कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए और गो बैक के नारे लगाए।
Bhupesh Baghel Convoy Stone Pelting : रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और असम कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल के काफिले पर हमला हुआ है। बघेल सोमवार को नागांव लोकसभा उपचुनाव के प्रचार के लिए पहुंचे थे। आरोप है कि समागुड़ी के बरमा इलाके में भाजपा कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए और गो बैक के नारे लगाए। इससे स्थिति बिगड़ गई।
काफिले पर पथराव और झड़प
भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। इस दौरान कुछ लोगों ने भूपेश बघेल की गाड़ी पर पत्थरों और बोतलों से हमला कर दिया। बघेल के साथ असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई, धुबरी सांसद रकीबुल हुसैन और कांग्रेस प्रत्याशी सिबामोनी बोरा मौजूद थे। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।
आज नगांव में चुनाव प्रचार के लिए जा रहे कांग्रेस के काफ़िले पर भाजपा के लोगों ने प्राणघातक हमला किया है।
— Bhupesh Baghel (@bhupeshbaghel) September 21, 2026
हमारी कारों पर पत्थरों से हमले हुए, कार का शीशा टूट गया। भीतर बैठे एआईसीसी के सचिव मनोज चौहान और अन्य साथियों को चोटें आईं हैं।
मैं और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गौरव… pic.twitter.com/1rPkRkN0iR
पुलिस ने नियंत्रित की स्थिति
सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षाबल मौके पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। पुलिस ने इस मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस और सीआरपीएफ की टीम ने भीड़ को हटाया। सुरक्षाबलों पर भी पथराव की सूचना मिली। घटना के बाद कांग्रेस नेताओं को सुरक्षा घेरे में वहां से निकाला गया।
घटना के बाद क्या बोले बघेल
घटना के बाद पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने कहा कि हम गांधी जी के नेतृत्व में चुनाव लड़ेंगे। अंग्रेजों से नहीं डरेंगे। लौटते समय भी हमारी गाड़ी पर पथराव हुआ। वहां कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं है। इस बात को निर्वाचन आयोग के संज्ञान में लाया गया है। सभी भाजपा के कार्यकर्ताओं की तरह काम कर रहे हैं। इनसे न्याय की उम्मीद नहीं की जा सकती।

कांग्रेस का आरोप और मांग
कांग्रेस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि भूपेश बघेल और गौरव गोगोई पूरी तरह सुरक्षित हैं। पार्टी ने मांग की है कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। गौरव गोगोई ने सोशल मीडिया पर आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने उस गाड़ी पर पत्थर और बोतलें फेंकी जिसमें वे और बघेल मौजूद थे। उन्होंने कहा कि पुलिस से पहले ही भीड़ को नियंत्रित करने का अनुरोध किया गया था।
उपचुनाव का कार्यक्रम
नागांव लोकसभा उपचुनाव के लिए 6 अक्टूबर को मतदान होना है और 9 अक्टूबर को मतगणना होगी। कांग्रेस ने सिबामोनी बोरा और भाजपा ने देबाशीष शर्मा को उम्मीदवार बनाया है।

