Trump TV : ट्रम्प की लाइव कवरेज बंद ! 3 मीडिया हाउस पर बैन के जवाब में व्हाइट हाउस ने लॉन्च किया ट्रम्प टीवी

Trump TV : फॉक्स न्यूज के ब्यूरो चीफ ब्रायन बॉटन ने बताया कि अब राष्ट्रपति के कार्यक्रमों की वीडियो कवरेज नहीं की जाएगी। इसके बाद व्हाइट हाउस ने अपनी ऑनलाइन वीडियो फीड शुरू की, जिसका नाम ‘ट्रम्प टीवी’ रखा।

Trump TV : ट्रम्प की लाइव कवरेज बंद ! 3 मीडिया हाउस पर बैन के जवाब में व्हाइट हाउस ने लॉन्च किया ट्रम्प टीवी

Trump TV : वांशिगटन डीसीअमेरिका के प्रमुख टीवी चैनलों ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के कार्यक्रमों की साझा लाइव कवरेज बंद कर दी है। यह कदम व्हाइट हाउस द्वारा CNN, MS NOW और पॉलिटिको के पत्रकारों पर प्रतिबंध लगाने के बाद उठाया गया।

फॉक्स न्यूज ने दी जानकारी

फॉक्स न्यूज के वाशिंगटन ब्यूरो चीफ ब्रायन बॉटन ने सोमवार को बताया कि अब इस व्यवस्था के तहत आने वाले राष्ट्रपति के कार्यक्रमों की वीडियो कवरेज नहीं होगी। इसके बाद व्हाइट हाउस ने अपनी ऑनलाइन वीडियो फीड शुरू कर दी है। इसका नाम ‘ट्रम्प टीवी’ रखा गया है। इसमें ट्रम्प के पुराने वीडियो, सरकारी ऐलान और ताजा अपडेट दिखाए जाएंगे। लोग व्हाइट हाउस के लाइव कार्यक्रम फोन और अन्य इंटरनेट डिवाइस पर आसानी से देख सकेंगे।

हेलिपैड उद्घाटन का वीडियो खुद जारी

सोमवार को व्हाइट हाउस में नए हेलिपैड का उद्घाटन हुआ। सामान्यतः ऐसे कार्यक्रमों की वीडियो कवरेज टीवी नेटवर्क करते हैं, लेकिन इस बार उन्होंने साझा कवरेज रोक दी थी। इसलिए व्हाइट हाउस ने खुद कार्यक्रम का वीडियो जारी किया।

कार्यक्रम में टीवी नेटवर्क्स के कैमरे और माइक्रोफोन नहीं थे। इससे ट्रम्प की आवाज साफ सुनाई नहीं दे रही थी और मरीन वन के शोर से भी परेशानी हुई। अब ऐसे कार्यक्रमों की कवरेज के लिए व्हाइट हाउस के पास अपना डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार है। इन्हें ट्रम्प टीवी पर दिखाया जा सकेगा।

ट्रम्प टीवी कैसे देखें

वेबसाइट पर फोन या कंप्यूटर से सीधे whitehouse.gov/live खोलें। यूट्यूब पर व्हाइट हाउस के आधिकारिक चैनल से 24 घंटे लाइव देख सकते हैं। मोबाइल ऐप प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से ‘White House’ डाउनलोड करें। स्मार्ट टीवी के यूट्यूब ऐप में ‘White House’ सर्च करके भी देख सकते हैं।

न्यूयॉर्क टाइम्स का फैसला

अमेरिकी अखबार न्यूयॉर्क टाइम्स ने भी सोमवार को व्हाइट हाउस के फोटो पूल से मिली तस्वीरें प्रकाशित और शेयर नहीं करने का फैसला किया। अखबार ने कहा कि वह उन मीडिया संस्थानों के समर्थन में ऐसा कर रहा है जिनके पत्रकारों को व्हाइट हाउस से बाहर किया गया है। हालांकि न्यूयॉर्क टाइम्स ने ट्रम्प की न्यूयॉर्क यात्रा की कवरेज जारी रखने की बात कही। अखबार के अनुसार सरकार के कामकाज पर स्वतंत्र मीडिया की नजर रहना जरूरी है।

प्रेसिडेंशियल पूल की व्यवस्था

अमेरिका में राष्ट्रपति के हर कार्यक्रम में सभी टीवी चैनलों के कैमरे नहीं पहुंच सकते। इसलिए ABC, CBS, CNN, Fox News और NBC ने साझा व्यवस्था बनाई है जिसे प्रेसिडेंशियल टेलीविजन पूल कहा जाता है। इसमें नेटवर्क्स बारी-बारी से राष्ट्रपति के कार्यक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग करते हैं और फुटेज दूसरे मीडिया संस्थानों को देते हैं। इस बार CNN की बारी थी लेकिन व्हाइट हाउस ने उसके पत्रकारों पर बैन लगा दिया। इसके बाद बाकी नेटवर्क्स ने CNN की जगह कवरेज करने के बजाय साझा टीवी पूल को ही रोक दिया।

मीडिया हाउस कोर्ट पहुंचे

CNN, MS NOW और पॉलिटिको ने ट्रम्प प्रशासन के खिलाफ अमेरिकी संघीय अदालत में मुकदमा दायर किया है। तीनों मीडिया हाउस ने व्हाइट हाउस में अपना एक्सेस बहाल करने की मांग की है। एसोसिएटेड प्रेस के अनुसार तीनों ने प्रशासन पर पहले और पांचवें संशोधन के तहत मिले अधिकारों के उल्लंघन का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले में जल्द सुनवाई की मांग भी की है।

ट्रम्प का मीडिया से पुराना विवाद

ट्रम्प 2016 से ही CNN की खबरों को फेक न्यूज कहते रहे हैं। उनके पहले कार्यकाल में भी CNN के पत्रकारों के व्हाइट हाउस पास को लेकर विवाद हुआ था। ट्रम्प ने न्यूयॉर्क टाइम्स और वॉल स्ट्रीट जर्नल जैसे बड़े अखबारों पर भी उनके खिलाफ पक्षपातपूर्ण खबरें चलाने का आरोप लगाया है।

उन्होंने इन मीडिया संस्थानों की रिपोर्टिंग पर कई बार सवाल उठाए और कुछ मामलों में मानहानि के मुकदमे भी किए। ट्रम्प का आरोप रहा है कि ये मीडिया संस्थान जानबूझकर ऐसी खबरें चलाते हैं जिनसे उनकी छवि खराब होती है।

क्या राष्ट्रपति मीडिया को बैन कर सकते हैं

मनमाना बैन गैरकानूनी माना जाता है। अमेरिकी राष्ट्रपति अपनी मर्जी से किसी मीडिया संस्थान को व्हाइट हाउस से बैन नहीं कर सकते। अमेरिकी संविधान का पहला संशोधन प्रेस की आजादी देता है। कवरेज पसंद न आने पर बैन लगाना असंवैधानिक है। 1977 के कोर्ट के फैसले के अनुसार पत्रकार को सिर्फ तभी रोका जा सकता है जब उससे राष्ट्रपति की सुरक्षा को कोई बड़ा खतरा हो।

ट्रुथ सोशल के बाद नया मंच

जनवरी 2021 में ट्रम्प को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X से बैन कर दिया गया था। इसके बाद उन्होंने 21 फरवरी 2022 को अपना सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल लॉन्च किया। अभी इसके करीब 60 लाख सक्रिय यूजर्स हैं। अकेले ट्रम्प के इस प्लेटफॉर्म पर करीब 1.29 करोड़ फॉलोअर्स हैं।