Indore News : राऊ में पुलिसकर्मी द्वारा युवक की पिटाई का वीडियो वायरल, DCP ने दिए जांच के आदेश
Indore News : युवक का आरोप है कि पुलिसकर्मियों द्वारा उससे हर महीने 25 हजार रुपये की मांग की जाती थी। पैसे नहीं देने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी।
Indore News : मध्य प्रदेश। इंदौर के राऊ थाना क्षेत्र से पुलिसकर्मी द्वारा एक युवक की लाठी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक पुलिसकर्मी युवक के साथ मारपीट करता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामला डीसीपी नरेंद्र रावत (DCP Narendra Rawat) के संज्ञान में आया है। डीसीपी ने पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो राऊ थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। वीडियो में एक पुलिसकर्मी लाठी से युवक की पिटाई करता हुआ दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि युवक पान की दुकान संचालित करता है।
आरोप है कि उसकी पिटाई राऊ थाने में पदस्थ ASI अनुज कुमार झा (ASI Anuj Kumar Jha) और उनके ड्राइवर निलेश द्वारा की गई। वहीं, पान दुकान संचालक ने पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
युवक का आरोप है कि पुलिसकर्मियों द्वारा उससे हर महीने 25 हजार रुपये की मांग की जाती थी। पैसे नहीं देने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी। साथ ही उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
फिलहाल वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। मामला डीसीपी नरेंद्र रावत के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने जांच के आदेश दिए हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

