तमिलनाडु हादसा: सीफूड यूनिट में गैस लीक से मचा हड़कंप, 7 महिलाओं की मौत
तिरुवल्लूर की सीफूड फैक्ट्री में अमोनिया गैस रिसाव, 65 से ज्यादा घायल, 9 वेंटिलेटर पर
तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में 21 जून रविवार को सीफूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट यूनिट में अमोनिया गैस का रिसाव होने से बड़ा हादसा गया। इस घटना में 7 महिला कर्मचारियों की मौत की खबर है, जबकि 60 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है और करीब 9 लोगों को वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है।
काम के दौरान अचानक लीक हुई अमोनिया गैस
यह घटना सेंट पीटर्स एंड पॉल सीफूड्स एक्सपोर्ट्स यूनिट में हुई, जहां काम के दौरान अचानक अमोनिया गैस लीक हो गई। गैस फैलते ही फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए बाहर भागने लगे। कई कर्मचारियों को सांस लेने में गंभीर परेशानी हुई, जिसके बाद उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
जिला प्रशासन के अनुसार, घायलों में 46 मरीजों को वेल्स हॉस्पिटल और 21 मरीजों को वेंकटेश्वरा हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। वहीं, नौ गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए चेन्नई के सरकारी स्टेनली मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। मृतकों में अधिकांश युवा महिलाएं शामिल हैं, जिनकी उम्र लगभग 24 से 25 साल के बीच बताई जा रही है।
NDRF की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने गैस डिटेक्शन उपकरणों और रासायनिक आपदा से निपटने वाले विशेष CBRN उपकरणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। फैक्ट्री क्षेत्र को पूरी तरह से खाली कराकर सुरक्षा घेरा बना दिया गया है।
प्रशासन ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती अनुमान के अनुसार, यह हादसा रेफ्रिजरेशन सिस्टम में तकनीकी खराबी के कारण अमोनिया गैस के रिसाव से हुआ हो सकता है। अधिकारियों ने फैक्ट्री के सुरक्षा मानकों और रखरखाव रिकॉर्ड की भी जांच के आदेश दिए हैं।
Varsha Shrivastava 
