राहुल गांधी का छत्तीसगढ़ दौरा: अभनपुर में कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए नेता प्रतिपक्ष

एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ के अभनपुर पहुंचे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने ट्रेनिंग प्रोग्राम में संगठन मजबूती पर दिया जोर

राहुल गांधी का छत्तीसगढ़ दौरा: अभनपुर में कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए नेता प्रतिपक्ष

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी रविवार को एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ के अभनपुर पहुंचे। रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद वे अभनपुर में आयोजित कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए, जहां उन्होंने जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के साथ विशेष संवाद किया।

संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना उद्देश्य 

राहुल गांधी करीब चार घंटे तक प्रशिक्षण कार्यक्रम में मौजूद रहे। शिविर का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और आगामी चुनावों की तैयारियों को धार देना है। कार्यक्रम में संगठन विस्तार, बूथ स्तर पर पार्टी की मजबूती, भाजपा के खिलाफ राजनीतिक नैरेटिव तैयार करने और चुनावी रणनीति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

कांग्रेस सूत्रों के अनुसार, यह प्रशिक्षण शिविर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के लिए तैयार करने की दिशा में एक अहम कदम है। शिविर में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट समेत कई वरिष्ठ राष्ट्रीय नेता भी अलग-अलग सत्रों में कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगे।

राहुल गांधी के दौरे को लेकर भाजपा ने भी तंज कसा

इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंच गए, जिससे काफी भीड़भाड़ की स्थिति बन गई। धक्का-मुक्की के बीच विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत कुछ समय के लिए प्रवेश द्वार के बाहर ही रह गए। बाद में उन्हें कार्यक्रम स्थल में प्रवेश कराया गया।

राहुल गांधी के दौरे को लेकर भाजपा ने भी तंज कसा। भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं को क्या सिखाया जाएगा, इस पर सवाल उठते हैं। वहीं कांग्रेस ने भाजपा की टिप्पणियों को राजनीतिक बयानबाजी बताते हुए कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत करने और जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर रही है।