मऊगंज में भीषण गर्मी में बिजली की आंख-मिचौली, जले ट्रांसफॉर्मरों के भरोसे  जनता

मऊगंज में भीषण गर्मी में बिजली की आंख-मिचौली, जले ट्रांसफॉर्मरों के भरोसे  जनता उपभोक्ता परेशान, किसान-बच्चों पर दोहरी मार, विद्युत अमला बेखबर

मऊगंज में भीषण गर्मी में बिजली की आंख-मिचौली, जले ट्रांसफॉर्मरों के भरोसे  जनता

राजेंद्र पयासी-मऊगंज: जून की उमस भरी भीषण गर्मी ने मऊगंज जिले में कहर बरपा रखा है और ऐसे में बिजली की अघोषित कटौती व जले ट्रांसफॉर्मरों ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। जिला कांग्रेस कमेटी मऊगंज के उपाध्यक्ष व पूर्व जनपद उपाध्यक्ष नृपेंद्र सिंह पिंटू ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर विद्युत विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सिंह ने बताया कि मऊगंज, देवतालाब और मनगवां विधानसभा क्षेत्र के दर्जनों गांवों में ट्रांसफॉर्मर हफ्तों से जले पड़े हैं। जगह-जगह जमीन तक विद्युत तार लटक रहे हैं। देवतालाब, कटरा और नईगढ़ी, पहाड़ी हनुमना विद्युत वितरण केंद्र की हालत सबसे खराब है। ग्रामीण क्षेत्रों में दिन-रात में 8-10 घंटे की कटौती आम बात हो गई है। 

गर्मी में तड़प रहे लोग, किसानी चौपट

इस जानलेवा गर्मी में बिजली न होने से घरों में बुजुर्ग और बच्चे बीमार पड़ रहे हैं। रातभर जागने को मजबूर छात्र-छात्राओं की पढ़ाई चौपट है। दूसरी ओर खरीफ सीजन की बोनी सिर पर है, किसानों को धान का रोपा डालना है, लेकिन सिंचाई के लिए बिजली न मिलने से अन्नदाता के माथे पर चिंता की लकीरें हैं। बिजली कटौती के कारण किसान धान का रोपा नहीं डाल पा रहा है जिससे अन्नदाता के सामने बड़ी समस्या बनी हुई है।

बिल पूरा, सुविधा अधूरी

सिंह का आरोप है कि विद्युत अमला हर महीने भारी-भरकम बिल तो वसूल रहा है, पर सुविधा के नाम पर धोखा दे रहा है। जले ट्रांसफॉर्मर बदलने की मांग पर अधिकारी फोन तक नहीं उठाते। मेंटेनेंस के नाम पर विभाग की भारी भरकम राशि तो खर्च होती है लेकिन मेंटेनेंस कहीं दिखाई नहीं देता, जगह-जगह जमीन तक लटकते तारों ट्रांसफार्मर के पास खुले तार का फैला जाल जो 24 घंटे खतरे को बुलवा देता है, जिस पर विभाग द्वारा ध्यान नहीं दिया जा रहा। बिजली विभाग के आला अधिकारी कागजों में 24 घंटे बिजली सप्लाई का दावा कर अपनी पीठ थपथपा रहे हैं, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि जनता गर्मी से उबल रही है। जिला कांग्रेस कमेटी मऊगंज के उपाध्यक्ष नृपेन्द्र सिंह पिंटू ने जिला प्रशासन और विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा है कि देवतालाब, कटरा और नईगढ़ी पहाड़ी हनुमना सहित जिला अंतर्गत सभी जले ट्रांसफॉर्मर एवं जमीन में लटकते विद्युत तार खराब केबलों को तत्काल बदला जाय, साथ ही भीषण गर्मी और किसानी के ऐन वक्त को देखते हुए निर्बाध बिजली आपूर्ति शुरू की जाए।