स्वास्थ्य की चौपाल सजी तो जागी जन-चेतना : खैरा में 118 लोगों की हुई नि:शुल्क जांच
बीमारी पर प्रहार-जागरूकता का प्रसार: खैरा पंचायत में सफल हुआ इंटीग्रेटेड स्वास्थ्य शिविर, HIV से TB तक की हुई जांच
मऊगंज से राजेंद्र पयासी की रिपोर्ट।
जब स्वास्थ्य सेवा द्वार तक पहुंचती है तो विश्वास भी उपचार बन जाता है, ऐसा ही दृश्य मऊगंज के ग्राम पंचायत खैरा में देखने को मिला। मध्य प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति भोपाल के तत्वावधान और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी रीवा डॉ. सुधाकर पांडेय के निर्देशन, एड्स नोडल अधिकारी डॉ. अनुराग शर्मा सहित सीबीएमओ मऊगंज डॉ. एस.डी. कोल के मार्गदर्शन में इंटीग्रेटेड स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।

संपूर्ण सुरक्षा केंद्र मेडिकल कॉलेज रीवा और डीएलएनटीआई रीवा के संयुक्त प्रयास से लगे इस शिविर में 118 हितग्राहियों ने अपने स्वास्थ्य की परख कराई। जिला नोडल डॉ. हरीश कुमार सोनी, डेंटल सर्जन डॉ. रवि प्रताप सिंह, डॉ. आर.डी. साकेत और डॉ. प्रशांत विश्वकर्मा ने ग्रामीणों का सघन परीक्षण किया।

शिविर में 72 लोगों की HIV, VDRL, हेपेटाइटिस-बी और सी की जांच, 56 लोगों की रक्तचाप, 52 की मधुमेह जांच, 5 गर्भवती माताओं का परीक्षण और 28 संदिग्धों के बलगम के नमूने टीबी परीक्षण के लिए लिए गए।
केवल जांच ही नहीं, चेतना भी जगी
आयोजित स्वास्थ्य शिविर में एसएसके मैनेजर पुष्पराज विश्वकर्मा ने 12 अगस्त से 12 अक्टूबर तक चल रहे सघन जागरूकता अभियान 3.0 के तहत HIV के चार कारण, बचाव, उपचार और 2017 अधिनियम सहित एसटीआई और टीबी पर सारगर्भित जानकारी दी।
सेक्टर सुपरवाइजर अशोक द्विवेदी, एलटी सुनील मिश्रा, काउंसलर अनिरुद्ध सिंह, सीएचओ दीप सिंह, पूनम शुक्ला सहित आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता से शिविर आरोग्य पर्व बन गया।
Varsha Shrivastava 
