महिला एशिया कप फाइनल से पहले मोहसिन नकवी को BCCI ने दिए थे दो विकल्प, फिर भी नहीं मानी बात
महिला एशिया कप 2026 के फाइनल में भारत ने श्रीलंका को 72 रन से हराकर खिताब जीता. ट्रॉफी प्रेजेंटेशन से पहले BCCI ने मोहसिन नकवी को दो विकल्प दिए थे.
महिला एशिया कप 2026 के फाइनल में भारत ने श्रीलंका को 72 रनों से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया. भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने आठवीं एशिया कप की ट्रॉफी जीती. हालांकि, खिताबी जीत के बाद ट्रॉफी को लेकर एक बार फिर विवाद जैसी स्थिति देखने को मिली. भारतीय टीम ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने फाइनल से पहले ही मोहसिन नकवी को स्पष्ट कर दिया था कि भारतीय महिला टीम उनके हाथ से ट्रॉफी नहीं लेगी. इसके बावजूद नकवी ट्रॉफी विजेता टीम को खुद सौंपने पर अड़े रहे.
BCCI ने दिए थे दो विकल्प
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि बोर्ड ने मोहसिन नकवी को ट्रॉफी देने के लिए दो विकल्प सुझाए थे. पहला विकल्प था कि ACC के डिप्टी चेयरमैन खालिद अल जरूनी भारतीय टीम को ट्रॉफी सौंपें. दूसरा विकल्प था कि विजेता टीम के बोर्ड का कोई प्रतिनिधि ही टीम को ट्रॉफी दे. रिपोर्ट के अनुसार, मोहसिन ने दोनों विकल्पों को नहीं किया और खुद ही ट्रॉफी देने की बात पर कायम रहे.
भारतीय टीम भी फैसले से पीछे नहीं हटी
देवजीत सैकिया के मुताबिक, भारतीय टीम पहले से ही मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने के पक्ष में नहीं थी. BCCI की ओर से यह बात नकवी को पहले ही बता दी गई थी. सैकिया ने कहा कि हालिया परंपरा के अनुसार विजेता बोर्ड का प्रतिनिधि भी ट्रॉफी सौंप सकता है. इसके बावजूद नकवी अपने फैसले पर अड़े रहे. दूसरी ओर भारतीय टीम ने भी अपने फैसले में कोई बदलाव नहीं किया.
2025 में भी हुआ था ऐसा
ट्रॉफी को लेकर यह विवाद नया नहीं है. साल 2025 में भारत की पुरुष क्रिकेट टीम ने भी मोहसिन नकवी के हाथ से एशिया कप की ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था. उस समय भी ट्रॉफी प्रेजेंटेशन को लेकर काफी चर्चा हुई थी.
अब महिला एशिया कप 2026 के फाइनल में भी भारतीय टीम ने नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया. हालांकि, मैदान पर भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 72 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया.

