शेयर बाजार में हल्की गिरावट: सेंसेक्स 250 अंक टूटा, निफ्टी 24,000 के करीब फिसला
बैंकिंग और फार्मा शेयरों में दबाव, सेंसेक्स-निफ्टी में शुरुआती कारोबार में गिरावट
5 मई 2026। हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन शेयर बाजार में हल्की गिरावट देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 250 अंक टूटकर 77,000 के स्तर के आसपास कारोबार करता नजर आया, जबकि निफ्टी लगभग 100 अंक गिरकर 24,000 के स्तर पर आ गया। बाजार में उतार-चढ़ाव का माहौल बना हुआ है और निवेशकों में सतर्कता देखी जा रही है।
सेंसेक्स के 30 प्रमुख शेयरों में से 18 शेयरों में गिरावट और 12 शेयरों में तेजी दर्ज की गई। आज के कारोबार में बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, ICICI बैंक और सन फार्मा जैसे बड़े शेयरों में करीब 2 प्रतिशत तक की गिरावट देखने को मिली, जिससे पूरे बाजार पर दबाव बना।
सेक्टरवार प्रदर्शन की बात करें तो बैंकिंग और फार्मा सेक्टर में कमजोरी देखी जा रही है। वहीं, शुरुआती कारोबार में कुछ अन्य सेक्टर्स में सीमित तेजी भी नजर आई, लेकिन वह बाजार की गिरावट को रोक नहीं पाई।
इससे पहले सोमवार को बाजार में अच्छी तेजी देखने को मिली थी। सेंसेक्स 355 अंक की बढ़त के साथ 77,269 के स्तर पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 121 अंक चढ़कर 24,119 के स्तर पर बंद हुआ था। उस दिन रियल्टी, मेटल, फार्मा और ऑटो सेक्टर में जमकर खरीदारी देखने को मिली थी। हालांकि, आईटी, सरकारी बैंक और मीडिया शेयरों में बिकवाली का दबाव रहा था।
Varsha Shrivastava 
