Bhopal Murder : चलती बाइक पर दोस्त ने सिर में गोली मारी, मछली पकड़ने जा रहे थे तीनों

Bhopal Murder Case : भोपाल में रविवार सुबह चलती बाइक पर युवक ने अपने दोस्त की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी बाइक पर पीछे बैठा था।

Bhopal Murder : चलती बाइक पर दोस्त ने सिर में गोली मारी, मछली पकड़ने जा रहे थे तीनों

Bhopal Murder Case : मध्य प्रदेश राजधानी भोपाल में रविवार को दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। चलती बाइक पर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया है। जानकारी के अनुसार, हमलावर भी उसी बाइक पर पीछे बैठा था। उसने पिस्टल निकालकर बीच में बैठे दोस्त के सिर से सटाकर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। यह पूरा मामला हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी का है।

निशातपुरा पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान 21 वर्षीय इखलास उर्फ ताशी के रूप में की गई है। वह हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी था। पेंटरी का काम करता था। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी अलीम उर्फ अल्लू की तलाश शुरू कर दी है।

ये है पूरा मामला 

पुलिस के बताये अनुसार, रविवार सुबह मृतक ताशी अपने दोस्त अलीम उर्फ अल्लू और एक अन्य युवक के साथ मछली पकड़ने के लिए जा रहा था। बाइक तीसरा दोस्त चला रहा था, ताशी बीच में बैठा था और अलीम सबसे पीछे बैठा था।

इसी दौरान आरोपी अलीम ने पिस्टल निकाली और ताशी के कनपटी पर बन्दूक रखकर फायर कर दी। इसके बाद आरोपी अलीम ने बाइक चला रहे युवक को पिस्टल दिखाकर धमकाया और उसे अपने साथ सिंधी कॉलोनी तक ले गया। 

पुलिस ने आगे बताया कि, सिंधी कॉलोनी पहुंचने के बाद अलीम फरार हो गया, जबकि बाइक चलाने वाला युवक वापस घटनास्थल पर पहुंचा। इसके बाद युवक ने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। 

सूचना मिलने के बाद निशातपुरा पुलिस और सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेज दिया। 

15 दिन पहले महिला को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि करीब 15 दिन पहले ताशी और अलीम के बीच एक महिला को लेकर विवाद हुआ था। दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई थी। इस दौरान ताशी का एक हाथ फ्रैक्चर हो गया था। बाद में दोनों ने आपसी समझाइश से विवाद खत्म कर लिया था।

पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका

पुलिस ने बताया- हत्या का केस दर्ज कर आरोपी अलीम उर्फ अल्लू की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। आशंका है कि समझौते के बावजूद अलीम के मन में इस विवाद को लेकर रंजिश बनी रही। पुलिस इसी रंजिश को हत्या की संभावित वजह मानकर जांच कर रही है।