वेयरहाउस को नोटिस पर कांग्रेस-अध्यक्ष व वेयरहाउसिंग कॉर्पो. अध्यक्ष आमने-सामने

वेयरहाउस को नोटिस पर कांग्रेस-अध्यक्ष व वेयरहाउसिंग कॉर्पो. अध्यक्ष आमने-सामने नगाइच ने कहा - हर महीने 16 लाख किराया देते हैं

वेयरहाउस को नोटिस पर कांग्रेस-अध्यक्ष व वेयरहाउसिंग कॉर्पो. अध्यक्ष आमने-सामने

इंदौर: मप्र वेअरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के इंदौर स्थित लक्ष्य वेअरहाउस को ब्लैकलिस्ट करने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में कॉर्पोरेशन ने सख्त लहजे में पूछा है कि शर्तों का उल्लंघन करने पर वेयरहाउस को ब्लैकलिस्ट क्यों न कर दिया जाए? इसके साथ ही स्थानीय शाखा प्रबंधक को 7 दिन के भीतर वेयरहाउस की कमियां दूर करने का अल्टीमेटम दिया गया है।

कार्रवाई उस घटनाक्रम के बाद की गई है, जब एक दिन पहले वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष संजय नगाइच ने शनिवार को इंदौर में जीतू पटवारी के वेयरहाउस का औचक निरीक्षण किया था। नोटिस सामने आने के बाद जीतू पटवारी ने भी बेहद आक्रामक रुख अपनाया है। उन्होंने कहा- अगर दम है तो हमारा वेयर हाउस खाली कर दें। हम भाजपा नेताओं की गुलामी नहीं कर पाएंगे।

24 हजार मीट्रिक टन अनाज दांव पर, नियमों के उल्लंघन का आरोप

शनिवार को कॉर्पोरेशन चेयरमैन नगाइच और डब्ल्यूसीएल के अधिकारियों ने इंदौर संभाग के 10 वेयर हाउसों का औचक निरीक्षण किया था। इसके बाद क्षेत्रीय प्रबंधक बीएल चौहान की ओर से अनुबंध शर्त 8.6 के तहत लक्ष्य वेयरहाउस (पालिया रोड) को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। आधिकारिक नोटिस के अनुसार, इस गोदाम में लगभग 24,000 मीट्रिक टन सरकारी अनाज भंडारित है। नोटिस में जांच के बाद छह विसंगतियां पाए जाने की बात कही गई है।

इनमें अग्निशामक यंत्रों का बंद होना, आपातकाल के लिए फायर बकेट नहीं होना, गोदाम की दीवारों और गेबल वॉल पर जाले लगे होना, वर्षा जल निकासी की नालियां दुरुस्त नहीं होना, परिसर में चारों तरफ अनियंत्रित घास और झाड़ियां उगी होना, गोदाम की मुख्य दीवारों में दरारें होना बताया गया है।

एक तो किराया समय पर नहीं दे रहे, बेइज्जत करवाने अफसर भेज रहे

इस प्रशासनिक कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का एक वीडियो बयान सामने आया है। इसमें वे निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी से फोन पर बात करते हुए बेहद तल्ख लहजे में नजर आ रहे हैं। पटवारी ने कहा- भाजपा नेता संजय नगाइच हमारे वेयरहाउस पर जाकर राजनीति कर रहे हैं। वे कह रहे हैं कि बाहर-अंदर जाले क्यों लगे हैं। मैं पहले भी लिखित में दे चुका हूं।

आज फिर चिट्ठी भेज रहा हूं कि अगर आपमें दम है तो हमारा वेयरहाउस तुरंत खाली कर दीजिए। हमें आपका सेंटर नहीं चाहिए। पटवारी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा- "एक तो सरकार वेयरहाउस का किराया समय पर नहीं देती। ऊपर से इस तरह केवल बेइज्जत करने के लिए अधिकारी भेजती है। हम सरकार के किसी दबाव में कोई नियम नहीं तोड़ेंगे। गोदाम में रखा सरकारी माल पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित है।

नगाइच बोले- धमकाना बंद करें, कमियां दूर न हुईं तो ब्लैकलिस्ट करेंगे

कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष संजय नगाइच ने कहा कि वे पारदर्शिता लाने के लिए वेयर हाउसों का आकस्मिक निरीक्षण कर रहे हैं। इसी दौरान उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के इंदौर स्थित 'लक्ष्य वेयरहाउस' की जांच की। पटवारी अपनी कमियां दूर करने के बजाय अभद्र भाषा का प्रयोग कर अधिकारियों को धमका रहे हैं। नगाइच ने कहा कि पटवारी का वेयरहाउस नाबार्ड की सब्सिडी और सरकारी अनुबंध पर चलता है। इसके लिए उन्हें हर महीने 16 लाख रुपए किराया मिलता है। नियम सबके लिए बराबर हैं। सुधार न होने पर वेयरहाउस को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।