17 April 2026: महू सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने जारी किए संदिग्धों के स्केच, पढ़ें इंदौर क्राइम की आज की खबरें
12वीं की छात्रा ने रिजल्ट आने के बाद जहर खाकर दी जान। किराएदार सत्यापन के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप। पेट्रोल पंप पर युवक की पिटाई। मजदूर की बेरहमी से हत्या।
महू सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों पर 10 हजार का इनाम
इंदौर जिले के महू के बड़गोंदा थाना क्षेत्र में सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। केलोद गांव के बेरछा जंगल में हुई इस घटना में अब संदिग्ध आरोपियों के स्केच जारी किए गए हैं। पीड़ित युवक-युवती के बताए हुलिए के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है, वहीं पुलिस ने आरोपियों पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया है।

दरअसल इस घटना के बाद ग्रामीण इंदौर पुलिस एक्शन मोड में है। अब तक 10 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा चुकी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए 6 पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जानकारी के मुताबिक युवक और युवती लगन सा बाबा मंदिर दर्शन के लिए गए थे, इसी दौरान जंगल में आरोपियों ने पहले युवक के साथ मारपीट की और फिर युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने पूरे मामले में एसआईटी का गठन कर दिया है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
रिजल्ट आने के बाद 12वीं की छात्रा ने जहर खाकर दी जान
इंदौर में 12वीं की एक छात्रा ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि हाल ही में आए परीक्षा परिणाम के बाद वह मानसिक तनाव में थी। पूरा मामला इंदौर के गांधी नगर थाना क्षेत्र का है, जहां 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक छात्रा खुशी मौर्य ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले ही 12वीं का रिजल्ट घोषित हुआ था, जिसमें छात्रा तीन विषयों में फेल हो गई थी। इसके बाद से वह काफी तनाव में थी और इसी के चलते उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

बताया जा रहा है कि छात्रा घर के पास ही एक निजी स्कूल में पढ़ाई कर रही थी। घटना के बाद गांधी नगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और पूरे मामले की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने इस घटना के बाद छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि किसी भी तरह के तनाव या असफलता से घबराकर ऐसा कदम न उठाएं। जीवन में आगे बढ़ने के कई अवसर होते हैं। यदि मन में किसी प्रकार के नकारात्मक विचार आएं, तो अपने परिजनों, शिक्षकों या नजदीकी पुलिस से संपर्क कर सलाह जरूर लें।
किराएदार सत्यापन के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप, होमगार्ड सैनिक पर कार्रवाई
इंदौर में एक बार फिर पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए हैं। किराएदार सत्यापन के नाम पर होमगार्ड सैनिक द्वारा पैसे मांगने का वीडियो सामने आया है, जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पूरा मामला इंदौर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र का है, जहां होमगार्ड सैनिक संजय भदौरिया पर किराएदार सत्यापन के नाम पर पैसे मांगने का आरोप लगा है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हुआ है।

वहीं, इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसीपी निधि सक्सेना ने तत्काल संज्ञान लिया और संबंधित होमगार्ड सैनिक को वापस भेजते हुए विभाग को कार्रवाई के लिए पत्र लिखा है। गौरतलब है कि इसी राजेंद्र नगर थाने में कुछ दिन पहले ही एक एएसआई की प्रताड़ना से परेशान होकर एक युवक ने आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद से थाना लगातार विवादों में बना हुआ है। हर की पुलिस रैंकिंग में भी राजेंद्र नगर थाना 27वें स्थान पर पहुंच गया है, जो पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। फिलहाल पूरे मामले में आगे की विभागीय कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।
पेट्रोल पंप पर युवक की पिटाई, वीडियो वायरल होने के बाद 3 कर्मचारियों पर कार्रवाई
इंदौर के सदर बाजार थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन कर्मचारियों पर प्रतिबंधात्मक धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि विवाद किस बात को लेकर हुआ था।

मामला इंदौर के मरीमाता चौराहे स्थित एक पेट्रोल पंप का है, जहां कर्मचारियों द्वारा एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कर्मचारी युवक को पीटते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और मामले में तीन कर्मचारियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की गई। वही पुलिस गिरफ्त में आने के बाद आरोपी कर्मचारी कान पकड़कर माफी मांगते भी दिखाई दिए।
मजदूर की बेरहमी से हत्या, स्कीम नंबर 136 के खाली मैदान में मिला शव
इंदौर के एक खाली मैदान में एक मजदूर का शव बरामद हुआ। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है, जिसमें मृतक का सिर कुचलकर उसे मौत के घाट उतारा गया है। पूरा मामला इंदौर के लसूडिया थाना क्षेत्र का है, जहां स्कीम नंबर 136 स्थित एक खाली मैदान में स्थानीय लोगों ने एक युवक का शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अज्ञात आरोपियों ने युवक की सिर कुचलकर हत्या की है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है और पुलिस उसकी शिनाख्त के प्रयास कर रही है। वहीं घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
शराब तस्करी कर रहे 4 लोगों को आबकारी विभाग ने अलग अलग स्थानों से पकड़ा
इंदौर में दोपहिया वाहनों से शहर में शराब तस्करी कर रहे 4 लोगों को आबकारी विभाग ने अलग अलग स्थानों से पकड़ा। एक्टिवा का डिक्की में शराब रखकर तस्करी की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर आबकारी विभाग ने अलग-अलग टीम बनाकर सभी को एक ही समय पर पकड़ा।

सोमनाथ की चाल और बड़ी ग्वालटोली इलाके में देसी शराब की तस्करी हो रही थी। आबकारी विभाग ने 4 प्रकरण में 1 लाख की शराब को जब्त किया।
ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर 15 लाख की ठगी, अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश
इंदौर में ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर एक बड़ी ठगी का खुलासा हुआ है। जिसमें चंदन नगर पुलिस ने करीब 15 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस गिरोह का मास्टरमाइंड राजस्थान के जयपुर से गिरफ्तार किया गया है। खास बात ये है कि इस पूरे फर्जीवाड़े में डिलीवरी बॉय भी शामिल थे।
दरअसल मामला तब सामने आया जब Amazon के डिलीवरी पार्टनर ‘NTEX’ कंपनी को अपने स्टॉक में गड़बड़ी नजर आई… इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। जांच में खुलासा हुआ कि डिलीवरी बॉय दीपक मोहेर और प्रवीण सिंह, जयपुर के मास्टरमाइंड रितिक गुप्ता के साथ मिलकर इस पूरे फ्रॉड को अंजाम दे रहे थे। आरोपी एप्पल कंपनी के महंगे प्रोडक्ट्स जैसे आईपॉड और एप्पल पेंसिल ऑर्डर करते थे। डिलीवरी के दौरान ये आरोपी असली सामान निकाल लेते थे और उसकी जगह नकली प्रोडक्ट्स पैक कर देते थे। इसके बाद ऑर्डर को रिजेक्ट दिखा दिया जाता था।
गिरोह की साजिश यहीं खत्म नहीं होती थी। आरोपी 5 SIM वेबसाइट से वर्चुअल नंबर लेकर फर्जी आईडी बनाते थे ताकि उनकी पहचान छुपी रहे। इसके बाद असली प्रोडक्ट्स बस के जरिए जयपुर भेजे जाते थे और फिर दिल्ली के करोल बाग में इन्हें बेचकर मोटा मुनाफा कमाया जाता था। जिसमें चंदन नगर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जयपुर में दबिश देकर मास्टरमाइंड रितिक गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल आरोपी पुलिस रिमांड पर है और उससे पूछताछ जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरोह से जुड़े और भी बड़े खुलासे जल्द सामने आ सकते हैं।
शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 93 लाख की साइबर ठगी, अंतरराज्यीय गिरोह के 5 आरोपी गिरफ्तार
इंदौर में ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग के नाम पर बड़ी साइबर ठगी का खुलासा हुआ है। भंवरकुआ पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये गिरोह फर्जी ऐप और सोशल मीडिया के जरिए लोगों को निवेश का लालच देकर ठगी कर रहा था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 10 लाख रुपए की राशि भी फ्रीज करवाई है।

दरअसल इस पूरे मामले की शुरुआत फेसबुक पर किए गए एक पोस्ट से हुई थी। जिसमें शेयर मार्केट में निवेश के टिप्स देने का दावा किया गया था। जिसमें फरियादी सचिन गुप्ता को एक लिंक के जरिए व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। जहां शुरुआत में उसे मुनाफा दिखाकर भरोसे में लिया गया। इसके बाद आरोपियों ने फरियादी को एक डमी ट्रेडिंग ऐप डाउनलोड करवाई। इस फर्जी ऐप के जरिए बड़ी कंपनियों के शेयर सस्ते दामों में दिलाने का झांसा दिया गया और धीरे-धीरे करीब 93 लाख रुपए अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करवा लिए गए। वहीं, इस ऐप में करोड़ों का मुनाफा दिखता रहा, लेकिन जब पैसे निकालने की कोशिश की गई तो एक भी रुपया नहीं मिला।

मामले की गंभीरता को देखते हुए भंवरकुआ पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि आरोपी कमीशन पर बैंक खाते और सिम कार्ड उपलब्ध कराते थे। साथ ही सभी आरोपी टेलीग्राम और व्हाट्सएप के जरिए एक-दूसरे से जुड़े थे। जिसमें चौंकाने वाली बात ये रही कि इस पूरे गिरोह का ऑपरेशन कंबोडिया से संचालित हो रहा था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अलग-अलग खातों में जमा करीब 10 लाख रुपए फ्रीज कराए और महाराष्ट्र, उड़ीसा और देवास में दबिश देकर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। फिलहाल, सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। पुलिस को इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
बाइक सवार पर अचानक गिरा पेड़, हेलमेट की वजह से बाल-बाल बची जान
इंदौर के नलते बाइक सवार पर अचानक पेड़ गिर गया, लेकिन हेलमेट ने उसकी जान बचा ली। नवलखा क्षेत्र के प्रकाश नगर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सड़क से गुजर रहे एक बाइक सवार पर अचानक पेड़ गिर पड़ा। घटना इतनी अचानक हुई कि युवक संभल भी नहीं पाया और सीधे पेड़ की चपेट में आ गया। गनीमत रही कि युवक ने हेलमेट पहना हुआ था, जिससे उसकी जान बच गई और बड़ा हादसा टल गया।

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि जैसे ही बाइक सवार सड़क से गुजरता है, उसी दौरान पेड़ गिरता है और वह उसकी चपेट में आ जाता है। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मदद कर युवक को बाहर निकाला। घायल युवक को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
Varsha Shrivastava 
