Crime News : पिता ने कहा- 21 साल के बाद करेंगे शादी, बेटे ने कर दिया मर्डर

Chandigarh Crime News : पिता को गोली मारने के बाद अरमान ने अपनी मां पर भी हमला किया। उसने उनका गला दबाने की कोशिश की।

Crime News : पिता ने कहा- 21 साल के बाद करेंगे शादी, बेटे ने कर दिया मर्डर

Chandigarh Crime News : क्राइम डेस्क। चंडीगढ़ पुलिस मुख्यालय की एकाउंट्स ब्रांच में तैनात हेड कांस्टेबल नितिन सिंह की उनके सरकारी आवास में हत्या कर दी गई। जानकारी के मुताबिक, हेड कांस्टेबल ने अपने 18 साल के बेटे अरमान को शादी करने से मन किया था। इस पर अरमान ने अपने 45 वर्षीय पिता को देशी कट्टे से सिर में गोली मार दी। यह सनसनीखेज वारदात सेक्टर-22 स्थित सरकारी क्वार्टर में हुई। शुक्रवार को शव खून से लथपथ हालत में मिला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल कट्टा बरामद कर लिया है।

शादी की जिद बनी हत्या की वजह

पुलिस अधिकारी सुदेश कुमार ने बताया कि अरमान अपनी प्रेमिका से तुरंत शादी करने का दबाव बना रहा था। वह उसे घर लाने की जिद पर अड़ा हुआ था। माता-पिता का कहना था कि लड़कों के लिए शादी की कानूनी उम्र 21 साल है इसलिए 21 साल पूरे होने तक इंतजार करना चाहिए। गुरुवार शाम को इसी बात को लेकर घर में जमकर बहस हुई। अरमान अपनी अन्य जरूरतों के लिए पिता से पैसों की भी लगातार मांग कर रहा था।

मां पर भी हमला और बाहरी हमले का नाटक

पिता को गोली मारने के बाद अरमान ने अपनी मां पर भी हमला किया। उसने उनका गला दबाने की कोशिश की। मां किसी तरह अपनी जान बचाकर छत की ओर भागीं और पड़ोसियों को चिल्लाकर अलर्ट किया।

पड़ोसियों के अनुसार वारदात के बाद अरमान ने ऐसा नाटक करने की कोशिश की जैसे कोई बाहरी व्यक्ति घर में घुसा हो और पिता को गोली मारकर भाग गया हो। लेकिन पुलिस की शुरुआती पूछताछ में ही उसकी कहानी बेनकाब हो गई। गिरफ्तार होने के बाद भी आरोपी के चेहरे पर अपने किए का कोई पछतावा नजर नहीं आया।

पहले भी डबल मर्डर केस में जमानत पर था

जांच में अरमान का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। कुछ महीने पहले मणिमाजरा इलाके में उसने दोस्त की महिंद्रा थार गाड़ी से एक बाइक को भीषण टक्कर मार दी थी। इस हादसे में बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई थी।

इस मामले में अरमान को गिरफ्तार किया गया था। वह हाल ही में अदालत से जमानत पर बाहर आया था। फिलहाल पुलिस ने हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। यह भी जांच की जा रही है कि उसके पास अवैध देशी कट्टा कहां से आया।