Indore News : ग्रीन अडानी कंपनी में निवेश के नाम पर 50 लाख की ठगी का आरोप, MG Road Police ने दर्ज किया केस
Indore News : आरोपियों की बातों में आकर फरियादी 50 लाख रुपए लेकर झाबुआ से इंदौर पहुंचा और रकम सौंप दी।
Indore News : मध्य प्रदेश। इंदौर में निवेश के नाम पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। एमजी रोड थाना क्षेत्र में झाबुआ निवासी एक व्यक्ति ने तीन लोगों पर 50 लाख रुपए की ठगी का आरोप लगाया है। फरियादी के मुताबिक, आरोपियों ने उसे ग्रीन अडानी कंपनी में निवेश करने पर रकम दोगुनी कर लौटाने का झांसा दिया था। आरोपियों की बातों में आकर फरियादी 50 लाख रुपए लेकर झाबुआ से इंदौर पहुंचा और रकम सौंप दी। शिकायत के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
निवेश करने पर डबल मुनाफा
दरअसल, झाबुआ निवासी फरियादी से कुछ लोगों ने ग्रीन अडानी कंपनी में निवेश के नाम पर संपर्क किया था। आरोपियों ने दावा किया कि अगर वह कंपनी में एक करोड़ रुपए निवेश करता है तो उसकी रकम दोगुनी होकर वापस मिलेगी।
इसके बाद फरियादी आरोपियों के झांसे में आ गया और 50 लाख रुपए लेकर इंदौर पहुंचा। यहां उसने आरोपियों को रकम सौंप दी। बाद में संदेह होने पर फरियादी ने मामले की शिकायत एमजी रोड थाना पुलिस से की।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल का सीसीटीवी फुटेज भी मिला है, जिसमें रुपयों के लेनदेन से जुड़ा घटनाक्रम दिखाई दे रहा है। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है। मामले में पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

