धार गणेश विसर्जन हादसा : CM ने किया मुआवजे का ऐलान, पीड़ित परिवार को मिलेगी आर्थिक सहायता
Dhar Ganesh Visarjan Accident : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने धार में हुए हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने प्रत्येक परिवार को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
Dhar Ganesh Visarjan Accident : मध्य प्रदेश। धार जिले के बदनावर में अनंत चतुर्दशी पर गणेश विसर्जन के दौरान तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई। घटना बागेड़ी डैम पर हुई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने प्रत्येक परिवार को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। पूरा शहर शोक में डूब गया।
सीएम ने संवेदना जताई और सहायता की घोषणा की
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। प्रत्येक परिवार को चार लाख रुपये की सहायता देने के निर्देश दिए गए। सीएम ने बाबा महाकाल से प्रार्थना की कि दिवंगतों को स्थान दें। साथ ही शोकाकुल परिवारों को दुख सहने की शक्ति मिले।

तीन दोस्त विसर्जन के लिए डैम पहुंचे थे
तीनों युवक अपने दोस्तों के साथ गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए डोलची रोड स्थित बागेड़ी डैम पहुंचे थे। प्रतिमा प्रवाहित करते समय वे तय जगह से करीब 500 मीटर आगे निकल गए। पानी की गहराई का अंदाजा नहीं था। एक युवक अचानक गहरे हिस्से में चला गया। बाकी दो उसे बचाने कूदे। तीनों डूबने लगे। मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल में मृत घोषित
स्थानीय लोगों ने तुरंत तीनों को पानी से बाहर निकाला। उन्हें बदनावर सिविल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान हुई- सुभाष मार्ग निवासी 19 वर्षीय पवन उर्फ कान्हा (पिता भंवरलाल राठौड़), सरस्वती कॉलोनी के 20 वर्षीय राहुल (पिता मुकेश प्रजापत) और निहाल (पिता मुकेश भांभी)। तीनों की उम्र 18 से 20 वर्ष के बीच थी।

ASP ने बताया पूरा मामला
हादसे की खबर मिलते ही परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। शहरवासी और जनप्रतिनिधि भी जमा हो गए। तहसीलदार सुरेश नागर पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिवारों को ढांढस बंधाया। धार ASP पारुल वेलापुरकर ने बताया कि तीनों तय जगह से आगे निकल गए थे। एक डूबा तो दोस्त बचाने गए। तीनों की मौत हो गई। प्रशासन ने कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

