पति को लट्ठ से पीटा फिर ड्रम में जला दिया: बेटा आया तब खुला खौफनाक राज

पत्नी ने विवाद के बाद पति की लट्ठ से हत्या कर शव जला दिया अधजले अवशेष रेत में दबाए 17 दिन बाद बेटे के आने पर खुला राज

पति को लट्ठ से पीटा फिर ड्रम में जला दिया: बेटा आया तब खुला खौफनाक राज

आलीराजपुर: महिला ने अपने पति की लट्ठ से पीट-पीट कर हत्या कर दी। वजह रोज का विवाद और चरित्र को लेकर शक बताई जा रही है। महिला ने सबूत मिटाने के लिए घर में ही शव जला दिया। शव पूरी तरह नहीं जला तो अधजले अवशेष रेत में दबा दिए। 17 दिन बाद बेटे के लौटने पर पूरा मामला सामने आया। पीड़ित का नाम रामा था। उम्र 50 साल थी। आरोपी पत्नी नहजुबाई की उम्र 47 साल है।

पुलिस के मुताबिक, करीब 17 दिन पहले पति-पत्नी में विवाद हुआ था। इसी दौरान नहजुबाई ने रामा पर लट्ठ से हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि रामा की मौके पर ही मौत हो गई। मौत के बाद महिला घबरा गई। सबूत मिटाने के लिए उसने बड़ा कदम उठाया। शव को घर के अंदर ही जलाने की कोशिश की। धुआं बाहर न जाए, इसके लिए शव को ड्रम से ढक दिया।

अधजले अंग रेत में दबाए

आग में शव पूरी तरह नहीं जल सका। सिर, हाथ और पैर के हिस्से अधजले रह गए। महिला ने इन्हें घर की रेत में दबा दिया। इतना ही नहीं, उसने पति के पहचान पत्र और तस्वीरें भी जला दीं। मकसद था कि कोई सुराग पुलिस तक न पहुंचे। गांव में किसी को शक नहीं हुआ। कई दिनों तक रामा का कहीं अता-पता नहीं चला।

बेटे के लौटने पर खुला राज

रामा के घर न लौटने पर ग्रामीणों को चिंता हुई। उन्होंने गुजरात के राजकोट में मजदूरी करने वाले बड़े बेटे राहुल को सूचना दी। राहुल की उम्र 21 साल है। राहुल तुरंत गांव लौटा। उसने मां नहजुबाई से पिता के बारे में सवाल किए। पूछताछ में महिला टूट गई और उसने हत्या की बात कबूल कर ली। राहुल ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घर की रेत खोदने पर रामा के शरीर के अवशेष बरामद हुए।

महिला गिरफ्तार, इंदौर में पोस्टमॉर्टम

उदयगढ़ थाना प्रभारी ब्रजभूषण हिरवे ने पूरे मामले की पुष्टि की। पुलिस ने शुक्रवार को नहजुबाई को गिरफ्तार कर लिया। महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की धारा 103 (1) के तहत हत्या का केस दर्ज किया गया है। साथ ही धारा 238 (ए) के तहत सबूत मिटाने का मामला भी जोड़ा गया है।

अवशेष क्षत-विक्षत हालत में मिले हैं। इस वजह से जिला अस्पताल की जगह पोस्टमॉर्टम इंदौर में कराया जाएगा। पोस्टमॉर्टम पूरा होने के बाद अवशेष परिजनों को सौंप दिए जाएंगे, ताकि अंतिम संस्कार हो सके।

30 साल पुरानी थी शादी

पुलिस जांच में सामने आया कि रामा और नहजुबाई की शादी करीब 30 साल पहले हुई थी। दोनों के चार बच्चे हैं। इनकी उम्र 21, 18, 16 और 3 साल है। तीन बड़े बेटे गुजरात में मजदूरी करते हैं। सबसे छोटा बेटा माता-पिता के साथ ही गांव में रहता था। रामा खुद खेती-किसानी का काम करता था।रोज-रोज के झगड़े और शक की वजह से घर का माहौल पहले से ही तनावपूर्ण था। यह विवाद आखिरकार एक बड़ी वारदात में बदल गया।