Satna Crime News : शादी से इंकार करने पर महिला पर जानलेवा हमला, धवारी तिराहे के पास हुई वारदात

Satna Crime News : महिला घर से ड्यूटी पर पैदल जा रही थी। रास्ते में धवारी के पास कलेक्ट्रेट के नजदीक स्कूटी से आए सूरज जाटव ने पीछे से चाकू से हमला कर दिया।

Satna Crime News : शादी से इंकार करने पर महिला पर जानलेवा हमला, धवारी तिराहे के पास हुई वारदात

Satna Crime News : सतना। शादी से इंकार करने पर घर से ड्यूटी पर जा रही महिला पर युवक ने चाकू से दिनदहाड़े हमला कर दिया। चाकू लगने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने वारदात के बाद भाग रहे आरोपी को धर दबोचा। पुलिस ने चाकूबाज की पुलिसिया अंदाज में खबर ली। आरोपी के विरुद्ध हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।

होटल जाने के लिए निकली थी महिला

जानकारी के अनुसार 32 वर्षीय महिला बजरहा टोला की रहने वाली है, वह शहर के एक होटल में नौकरी करती है। गुरूवार को वह घर से ड्यूटी पर पैदल होटल जा रही थी। रास्ते में धवारी के पास कलेक्ट्रेट के नजदीक स्कूटी से आए सूरज जाटव ने पीछे से चाकू से हमला कर दिया।

कमर और पेट के बीच के हिस्से के अलावा गले में गंभीर चोट आई। चाकू मारने के बाद आरोपी सूरज स्कूटी लेकर मौके से भाग निकला। आरोपी के विरुद्ध धारा 109(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। आरोपी की पहचान सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से हुई।

मायके में रहती है महिला

32 वर्षीय महिला विवाह के बाद पति के साथ दिल्ली में रहती थी। 6 वर्ष पहले वर्ष 2020 में पति की मौत के बाद महिला अपने दोनों बच्चों के साथ सतना शहर के बजरहा टोला स्थित मायके में आकर रहने लगी। बच्चों के भरण- पोषण के लिए एक होटल में रहने लगी।

घायल महिला ने बताया कि 2024 में रिश्तेदार की शादी में शामिल होने सागर गई थी जहां उसकी मुलाकात सूरज से हुई। इंस्ट्राग्राम पर सूरज से बातें होने लगी। घायल महिला ने पुलिस को बताया कि पिछले दो साल से सूरज शादी करने का दबाव बना रहा था। इंकार करने पर बार-बार धमकियां देता था।

300 किमी स्कूटी चलाकर आया सतना

महिला के द्वारा शादी से इंकार किए जाने पर आरोपी सूरज सागर से स्कूटी लेकर तकरीबन 300 किमी की दूरी तय कर गुरूवार को सतना पहुंचा और वह बजरहा टोला से महिला के घर से निकलते ही उसका पीछा करना शुरू कर दिया। धवारी के पास कलेक्ट्रेट के नजदीक पहुंचते ही सूरज ने चलती स्कूटी से महिला पर हमला कर दिया।

अर्से बाद बरसा पुलिस का डंडा

दिनदहाड़े कलेक्ट्रेट के पास चाकूबाजी की घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई। सीएसपी मनीष त्रिपाठी ने सिटी कोतवाली टीआई हेमंत शर्मा की अगुवाई में आरोपी के धरपकड़ के लिए पुलिस टीम गठित की गई।

सीसीटीवी कैमरे से आरोपी की पहचान सुनिश्चित होने के बाद पुलिस टीम ने स्कूटी लेकर भाग रहे आरोपी सूरज जाटव पिता इमरत लाल जाटव निवासी सुभाष नगर गुलाब गली वार्ड नं. तीन थाना मोतीनगर जिला सागर को धर दबोचा। 

आरोपी सूरज के हाथो में हथकड़ी लगाकर पुलिस ने जुलूस निकाला। गिरफ्तारी के पश्चात पुलिस ने चाकूबाज सूरज पर जमकर डंडे बरसा कर हेकड़ी निकाली। अर्से बाद गुंडे-बदमाशों को इस अंदाज में पुलिसिया ट्रीटमेंट की सराहना शहर के वासिंदों ने की। कार्रवाई में उप निरीक्षक अभिषेक कुमार पांडेय, प्रधान आरक्षक राहुल सिंह, चीतेन्द्र पांडेय, आरक्षक अजीत सिंह शामिल रहे।