मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा : MP को मिलीं 351 सरकारी बसें, CM बोले- मप्र में 5 लाख KM से अधिक सड़कों का हुआ निर्माण
Mukhyamantri Sugam Parivahan Seva : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने रिमोट का बटन दबाकर प्रदेशवासियों को "मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा" एवं "पीएम ई-बस सेवा" की सौगात दी।
Mukhyamantri Sugam Parivahan Seva : भोपाल। मध्यप्रदेश में 21 साल बाद सरकारी बसें फिर सड़कों पर दौड़ने वाली हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के भेल दशहरा मैदान से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने रिमोट का बटन दबाकर प्रदेशवासियों को "मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा" एवं "पीएम ई-बस सेवा" की सौगात दी। इनमें भोपाल, इंदौर समेत सात शहरों की इंटरसिटी और इंट्रासिटी बसें शामिल हैं।

मप्र में 5 लाख KM से अधिक सड़कों का निर्माण
इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बसों के इस भव्य आयोजन में मध्यप्रदेश की जनता आनंदित है। सड़क परिवहन के माध्यम से बसों का बेहतर प्रबंधन जनता की सुविधा और सुगम आवागमन के लिए किया जा रहा है। मध्यप्रदेश में 5 लाख किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण हुआ है। इससे छोटे से छोटे गांव और कस्बों तक सड़क कनेक्टिविटी सुनिश्चित हुई है। सरकार के प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों की शहरों से कनेक्टिविटी और बेहतर हुई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों का व्यापक नेटवर्क विकसित हुआ है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आगे कहा कि, आज का दिन अद्भुत है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती और सेवा संकल्प महाअभियान का यह संगम जनसेवा के संकल्प को और मजबूत करता है।
आज 351 बसों के साथ इस सेवा की शुरुआत हो रही है और आने वाले समय में मध्यप्रदेश को 1,500 बसों की सौगात मिलने वाली है। जनता की सेवा हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह हमारे वर्ष 2023 के संकल्प पत्र में किए गए संकल्प की पूर्ति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
नगरों के भीतर और बाहर, प्रदेश के एक हिस्से से दूसरे हिस्से तक तथा आवश्यकता पड़ने पर प्रदेश के बाहर भी बसों का संचालन किया जाएगा। हमारा उद्देश्य प्रदेशवासियों को सुगम, सुरक्षित और बेहतर सार्वजनिक परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराना है।
भेल दशहरा मैदान में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के शुभारंभ अवसर पर एमपी यात्री परिवहन कंपनी (MPYPIL) ने IIM इंदौर और SPA के साथ MoU पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान प्रबंध संचालक मनीष सिंह ने एमओयू का आदान-प्रदान किया।



2005 में बंद हुई थीं पुरानी बसें
मध्यप्रदेश राज्य परिवहन निगम की बसें साल 2005 में बंद हो गई थीं। नई सेवा का मुख्य मकसद शहरों के साथ-साथ गांवों को भी बस सुविधा से जोड़ना है। सरकार ने 75 प्रतिशत ग्राम पंचायतों तक बस सेवा पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। बसों में सुरक्षा के साथ आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी ताकि यात्रियों को बेहतर अनुभव मिले।

बड़ी संख्या में बसों का लक्ष्य
पहले साल 1500 बसें चलाने का प्लान है। 2031 तक इनकी संख्या बढ़ाकर 15 हजार करने का लक्ष्य रखा गया है। यह सेवा पीपीपी मॉडल पर चलाई जाएगी। इसमें निजी ऑपरेटर भी शामिल होंगे। उन्हें विज्ञापन और कार्गो से अतिरिक्त कमाई के अवसर भी दिए जाएंगे। इससे सेवा आर्थिक रूप से मजबूत बनेगी।

सात शहरों में शुरू होगी सेवा
नई बस सेवा में भोपाल और इंदौर सहित सात प्रमुख शहरों को कवर किया गया है। इंटरसिटी बसें शहरों को जोड़ेंगी जबकि इंट्रासिटी बसें शहर के अंदर आवागमन आसान बनाएंगी। यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक सफर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने आज भोपाल के लालघाटी में अंत्योदय एवं एकात्म मानव दर्शन के प्रणेता स्वर्गीय पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। दोनों नेताओं ने उन्हें नमन किया।


राष्ट्रसेवा के विचारों का स्मरण
इस मौके पर उन्होंने पं. दीनदयाल उपाध्याय जी के राष्ट्रसेवा, समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान और मानव कल्याण के प्रति समर्पित विचारों को याद किया। साथ ही दोनों नेताओं ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। यह कार्यक्रम जयंती के अवसर पर आयोजित हुआ।

नेशनल हाईवे परियोजनाओं की समीक्षा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री निवास के समत्व भवन में मध्यप्रदेश में संचालित और प्रस्तावित नेशनल हाई-वे परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में सड़क एवं परिवहन से जुड़े विभिन्न प्रोजेक्ट्स की प्रगति, निर्माण कार्यों तथा आगामी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

सुगम परिवहन सेवा का शुभारंभ
इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भोपाल के भेल दशहरा मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा एवं पीएम ई-बस सेवा कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस कार्यक्रम में परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयास पर जोर दिया गया।

विजन-2047 से अवगत कराया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को रोड नेटवर्क ऑफ मध्यप्रदेश विजन-2047 की जानकारी दी। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश में जारी विभिन्न विकास एवं सड़क परियोजनाओं की प्रगति की भी विस्तार से जानकारी दी। दोनों नेताओं की संयुक्त उपस्थिति में ये कार्यक्रम संपन्न हुए।




