मऊगंज के शाहपुर में बीच बाजार लगा कबाड़ का अंबार आग और जहरीले जीवों का खतरा
मऊगंज के शाहपुर में बीच बाजार लगा कबाड़ का अंबार,आग और जहरीले जीवों का खतरा ग्रामीणों ने कबाड़ की दुकान हटाए जाने कलेक्टर से लगाई गुहार
राजेंद्र पयासी मऊगंज: हनुमना तहसील क्षेत्र अंतर्गत आने शाहपुर बाजार का मुख्य मार्ग इन दिनों कबाड़ के अंबार और हादसे की आशंका के बीच जीने को मजबूर है। ग्राम पंचायत हर्दी नं 01 शाहपुर बाजार के ग्रामीणों ने जनसुनवाई में कलेक्टर मऊगंज को आवेदन देकर बाजार के बीचों-बीच संचालित हो रही कबाड़ की दुकान को अन्यत्र शिफ्ट कराने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि अमित कुमार केशरवानी द्वारा संचालित इस दुकान में कई फुट ऊंचा कबाड़ स्थायी रूप से जमा रहता है। प्लास्टिक, कागज, गत्ते और अन्य ज्वलनशील सामग्री सड़क किनारे बिखरी रहती है। सबसे बड़ी चिंता यह है कि इस दुकान के ठीक ऊपर से बिजली का तार गुजरा है।

ग्रामवासियों ने ज्ञापन में बताया कि शार्ट सर्किट या राहगीरों द्वारा फेंकी गई बीड़ी-सिगरेट से कभी भी भीषण आग लग सकती है। यदि दुर्भाग्य से आग लगती है तो बाजार की 10 से 20 दुकानें चपेट में आ जाएंगी। बरसात के मौसम में स्थिति और भयावह हो जाती है। जमा गंदगी में जहरीले कीड़े-मकोड़े और सांप निकलने की आशंका बनी रहती है, जिससे बच्चों और बुजुर्गों को खतरा है। स्थानीय शाहपुर बाजार निवासी मिठाईलाल केशरवानी के नेतृत्व में संजय गुप्ता, रजनीश गुप्ता, राकेश सोनी, श्रीनाथ गुप्ता, सुखलाल सोनी और राजबहादुर सिंह समेत ग्रामवासियों ने जनसुनवाई में पहुंचकर लिखित रूप से अपनी व्यथा सुनाई। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल स्थल निरीक्षण कराने और जनहित में कबाड़ के भंडारण को घनी आबादी व बाजार क्षेत्र से दूर कराने के निर्देश देने की विनम्र मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार मौखिक निवेदन के बाद भी स्थानीय प्रशासन एवं शाहपुर थाना पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं हुई, इसलिए अब जिला प्रशासन के समक्ष लिखित में गुहार लगाई गई है।


