फिर शिक्षक सड़कों पर अभ्यर्थी, भोपाल में प्रदर्शन कर उठाई पद वृद्धि की मांग
मध्य प्रदेश में माध्यमिक शिक्षक (वर्ग-2) और प्राथमिक शिक्षक (वर्ग-3) भर्ती 2025 के अभ्यर्थियों ने पद वृद्धि की मांग को लेकर भोपाल के अंबेडकर पार्क में धरना प्रदर्शन किया।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 24 मार्च को शिक्षक भर्ती को लेकर बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला। वर्ग-2 (माध्यमिक शिक्षक) और वर्ग-3 (प्राथमिक शिक्षक) के अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों को लेकर अंबेडकर पार्क में जोरदार विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थियों का कहना है कि 2025 की भर्ती प्रक्रिया में पदों की संख्या बेहद कम रखी गई है, जबकि प्रदेश में हजारों पद खाली हैं। उनका आरोप है कि सरकार ने भर्ती में पारदर्शिता नहीं रखी और योग्य उम्मीदवारों के साथ अन्याय किया गया है। इसी वजह से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी सड़क पर उतरने को मजबूर हुए।
अभ्यर्थियों ने मांग की है कि वर्ग-2 में कम से कम 10,000 पद और वर्ग-3 में 25,000 पदों की भर्ती की जाए। साथ ही, भर्ती प्रक्रिया को जल्द शुरू करने और लंबित मुद्दों का समाधान करने की भी मांग उठाई गई।
प्रदर्शनकारियों ने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं, तो यह आंदोलन और तेज होगा। उन्होंने कहा कि वे लगातार धरना-प्रदर्शन करते रहेंगे और सरकार पर दबाव बनाएंगे।
सबसे बड़ी बात यह रही कि प्रदर्शनकारियों ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा ऐलान किया। उनका कहना है कि अगर सरकार उनकी मांगों को नजरअंदाज करती रही, तो वे चुनाव में NOTA (None of the Above) का बटन दबाएंगे। उनका दावा है कि इससे चुनावी नतीजों पर असर पड़ सकता है और सरकार को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
अभ्यर्थियों का कहना है कि यह सिर्फ रोजगार का मुद्दा नहीं, बल्कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा बड़ा सवाल है। अगर समय रहते समाधान नहीं निकाला गया, तो यह आंदोलन आने वाले समय में और उग्र रूप ले सकता है।
Varsha Shrivastava 
