बागेश्वर बाबा की ‘सोने की खड़ाऊ’ का सच आया सामने: बोले- ये लकड़ी की है
Baba Bageshwar : बाबा बागेश्वर की अंबानी परिवार के गणेश उत्सव में खड़ाऊ की तस्वीरें वायरल हुई थी, सोशल मीडिया पर लोगों ने कई तरह के दावे किए थे।
Baba Bageshwar : बागेश्वर धाम के प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अक्सर अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं। हाल ही में वे अंबानी परिवार के गणेश उत्सव में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उनकी खड़ाऊ ने लोगों का ध्यान खींचा। बाबा की खड़ाऊ की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए। इसके बाद सोशल मीडिया पर खड़ाऊ को लेकर तरह-तरह के दावे किए जाने लगे। कई लोगों ने दावा किया कि बाबा सोने की खड़ाऊ पहनकर अंबानी परिवार के घर पहुंचे थे। इसे लेकर सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल भी किया गया।
एक सच्चा बाबा होता है जो एक जोड़ी कपड़े में ही पूरी जिंदगी जाप लेता है
— GUDDU BHAIYA (@AlamgirAli78255) September 15, 2026
एक बाबा होता है जो धीरे धीरे करके लक्जरी जिंदगी सोने के खड़ाऊ पहनने लगता है
देख रहे हो बाबा धीरेंद्र शास्त्री को सोने का खड़ाऊ पहने है वो भी मोटा वाला अमीरों के महफिल में गए है इसलिए अमीरी दिखाना तो पड़ेगा। pic.twitter.com/2zpvefSQME
‘सोने की खड़ाऊ’ का क्या है सच?
अब पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने छतरपुर में अपने दरबार के दौरान वायरल हो रही ‘सोने की खड़ाऊ’ की सच्चाई बताई। उन्होंने सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों को खारिज करते हुए कहा कि उनकी खड़ाऊ सोने की नहीं, बल्कि लकड़ी की है।
बाबा ने बताया कि यह लकड़ी की खड़ाऊ है, जिस पर एक लड़के ने सुनहरे रंग से पेंट कर दिया था। इसी वजह से खड़ाऊ देखने में सोने जैसी नजर आ रही थी।
उन्होंने कहा कि शास्त्रों के अनुसार सोना पैरों में नहीं पहना जाता है और उन्हें इसकी समझ है। बाबा ने तंज कसते हुए कहा कि लोग उन्हें जितना नासमझ समझ रहे हैं, वे उतने नासमझ नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इतने बड़े घर में जाने के बाद भी लोगों का ध्यान उनकी खड़ाऊ पर ही बना हुआ है।
मनोविज्ञान को समझने वाले विशेषज्ञ एक प्रमुख बात सिखाते हैं कि अगर किसी व्यक्ति के व्यक्तित्व को समझना हो तो उसके जूते और चप्पलों पर ध्यान दीजिये l आप उनके जूते चप्पलों से उनके संपूर्ण व्यक्तित्व का आंकलन कर सकते हैं l
— पाठशाला गुरुजी ( Pathshala GuruG ) (@pathshalagurug) September 16, 2026
जब मुकेश अंबानी जी के यहां गणेश चतुर्थी के कार्यक्रम में… pic.twitter.com/ZAEvsRmhR5
‘गलत आदमी से पंगा ले लिया’
दरबार में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने इस पूरे मामले पर खुलकर बात की। उन्होंने चुनौती भरे अंदाज में कहा कि वे किसी से डरने वाले नहीं हैं। अपने विरोधियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने ‘गलत आदमी से पंगा ले लिया है।’
"हमसे पंगा मत लो।अगली बार सोने की खड़ाऊ की बात की तो डायमंड के खड़ाऊ पहन के आएंगे।
— Mukesh Mathur (@mukesh1275) September 20, 2026
हम माया मोह छोड़ने वाले बाबा नही हैं छोड़ें क्यों? छुड़वाएं क्यों? सब लोग बाबा बन जाएंगे तो डॉलर 200 रुपए का न हो जाएगा?
दोगलापंथी हमसे ना हो पाएगा। कुत्ता को कुत्ता ही कहेंगे कुत्ताजी नहीं… pic.twitter.com/LW4vLitVTP
‘मोह-माया का त्याग नहीं किया’
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने प्रवचनों और विचारों को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि वे दूसरे लोगों की तरह मोह-माया छोड़ने की झूठी बातें नहीं करते। उनका कहना है कि लोगों को मेहनत से पैसा कमाना चाहिए और उसे अच्छे कामों में लगाना चाहिए।
बाबा ने चुटकी लेते हुए कहा कि अगर देश में सभी लोग कामकाज छोड़कर बाबा बन जाएंगे, तो देश का डॉलर 200 रुपये का हो जाएगा।
कुछ कथावाचकों पर भी साधा निशाना
इस दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कुछ कथावाचकों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कई लोग मंच से धन-दौलत और माया को बेकार बताते हैं, लेकिन खुद भक्तों से चढ़ावा लेते हैं। उन्होंने कहा कि वे इस तरह की ‘दोगलापंती’ नहीं कर सकते और जो सच है, उसे सीधे मुंह पर बोलना पसंद करते हैं।
फिजूल बातों पर ध्यान न देने की अपील
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने भक्तों से अपील की कि वे ऐसी फिजूल बातों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि जब इस दुनिया में लोगों ने भगवान श्रीराम पर सवाल उठाने से परहेज नहीं किया, तो आम इंसानों के बारे में लोग कुछ भी कह सकते हैं।

