गुजरात: कांग्रेस राज्यसभा सांसद शक्तिसिंह गोहिल के भतीजे ने पत्नी की हत्या के बाद की आत्महत्या
गुजरात में कांग्रेस राज्यसभा सांसद शक्तिसिंह गोहिल के भतीजे और सरकारी अधिकारी यशराज सिंह गोहिल ने पत्नी की हत्या के बाद आत्महत्या कर ली। शादी के दो महीने बाद हुई इस घटना के पीछे घरेलू विवाद की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और क्राइम ब्रांच मामले की जांच कर रही हैं।
गुजरात से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद शक्तिसिंह गोहिल के भतीजे और सरकारी अधिकारी यशराज सिंह गोहिल ने पत्नी की गोली मारकर हत्या करने के बाद खुद आत्महत्या कर ली। यशराज की शादी महज दो महीने पहले ही हुई थी। पुलिस के अनुसार, बुधवार रात दंपति के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो हिंसक हो गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि झगड़े के बाद यशराज ने लाइसेंसी बंदूक से पत्नी को गोली मार दी और इसके बाद 108 पर कॉल कर एंबुलेंस बुलाई। डॉक्टरों द्वारा पत्नी को मृत घोषित किए जाने के बाद यशराज ने भी खुद को गोली मार ली। यशराज गुजरात समुद्री बोर्ड में अधिकारी के पद पर कार्यरत थे और हाल ही में क्लास-2 से क्लास-1 अधिकारी के रूप में प्रमोट हुए थे।
घटना के समय यशराज की मां घर के दूसरे कमरे में मौजूद थीं, लेकिन उन्हें इस वारदात की जानकारी एंबुलेंस आने के बाद हुई। पुलिस के अनुसार, दंपति उस रात एक रिश्तेदार के घर डिनर से लौटे थे, जिसके बाद विवाद शुरू हुआ। वस्त्रापुर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच मामले की जांच कर रही है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और घटना के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।
DRASHTI JAIN 
