Hasdeo River Accident : 48 घंटे बाद 2 छात्रों के शव बरामद ,पत्थरों के नीचे फंसे थे; कड़ी मशक्कत से निकाले

Hasdeo River Accident : हसदेव नदी में बहे दो छात्रों के शव 48 घंटे बाद निकाल लिए गए हैं। इससे पहले एक और स्टूडेंट की बॉडी रिकवर की थी।

Hasdeo River Accident : 48 घंटे बाद 2 छात्रों के शव बरामद ,पत्थरों के नीचे फंसे थे; कड़ी मशक्कत से निकाले

Hasdeo River Accident : छत्तीसगढ़ जांजगीर-चांपा जिले में हसदेव नदी में हुए हादसे में तीन कॉलेज छात्रों की मौत हो गई। करीब 48 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद सभी के शव बरामद कर लिए गए हैं। शनिवार को एक छात्र का शव मिला था। रविवार को दो अन्य छात्रों के शव भी नदी से निकाले गए। दोनों शव पत्थरों के नीचे बने खोखले हिस्से में फंसे मिले। घटना बलौदा थाना क्षेत्र के देवरी गांव की है।

पिकनिक मनाने पहुंचे थे आठ दोस्त

मृतकों की पहचान मुरारी साहू (22), पवन लाल (22) और सचिन सिंह (23) के रूप में हुई है। तीनों बिलासपुर के चौकसे कॉलेज में बी.फार्मा प्रथम वर्ष के छात्र थे। शुक्रवार को आठ दोस्तों का समूह पिकनिक मनाने देवरी गांव पहुंचा था। ग्रुप में चार छात्र और चार छात्राएं शामिल थीं। इसी दौरान तीन छात्र नदी किनारे सेल्फी लेने पहुंचे। वहां अचानक एक छात्र का पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में चला गया।

दोस्त को बचाने नदी में कूदे छात्र

पवन को नदी में बहता देखकर मुरारी और सचिन उसे बचाने के लिए पानी में कूद गए। नदी का बहाव तेज था। तीनों छात्र पानी के साथ बह गए और कुछ ही देर में लापता हो गए। घटना के बाद बाकी छात्रों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद मौके पर बचाव अभियान शुरू किया गया।

पुलिस और SDRF ने चलाया अभियान

CSP योगिताबाली खापर्डे के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। नगर सैनिक गोताखोरों की टीम को भी बुलाया गया। इसके बाद बिलासपुर SDRF की टीम ने नदी में तलाश शुरू की। नदी के तेज बहाव और पानी के अंदर मौजूद चट्टानों के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

पहले पवन का शव हुआ बरामद

शनिवार को नगर सैनिक गोताखोरों को घटनास्थल से करीब चार किलोमीटर दूर पवन का शव मिला। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। रविवार सुबह SDRF की टीम ने दोबारा तलाश शुरू की। टीम ने करीब 6:15 बजे मुरारी और सुबह 7 बजे सचिन का शव बरामद कर लिया। दोनों शव नदी में पत्थरों के नीचे बने खोखले हिस्से में फंसे हुए थे।

पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपे जाएंगे शव

रेस्क्यू टीम ने तीनों शवों को बाहर निकालने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने लोगों से नदी और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की है।