MP Weather: मानसून की विदाई से पहले बदला मौसम, 45 जिलों में बारिश; आगर में एक परिवार के 7 लोगों की मौत
MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई का समय करीब आ गया है, लेकिन प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर अभी थमा नहीं है। शनिवार को 45 जिलों में बारिश दर्ज की गई।
MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई का समय करीब आ गया है, लेकिन प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर अभी थमा नहीं है। शनिवार को 45 जिलों में बारिश दर्ज की गई। इस दौरान आगर-मालवा में बारिश के कारण उफनते नाले में कार बह जाने से एक ही परिवार के 7 लोगों की जान चली गई। वहीं प्रदेश के कई जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश दर्ज हुई है।
आगर-मालवा में बड़ा हादसा
आगर-मालवा जिले में शनिवार को तेज बारिश के बाद नाले का जलस्तर बढ़ गया। इसी दौरान उज्जैन से नलखेड़ा की ओर जा रही एक कार पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गई। कार में ओडिशा का एक परिवार सवार था। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई। परिवार उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन के बाद नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर जा रहा था।
लटेरी में 4 इंच से ज्यादा बारिश
बारिश के आंकड़ों में विदिशा का लटेरी सबसे आगे रहा। यहां 4.2 इंच पानी दर्ज किया गया। गुना के कुंभराज में 4 इंच बारिश हुई। आगर-मालवा के नलखेड़ा में 92 मिलीमीटर यानी करीब 3.7 इंच बारिश दर्ज की गई। बड़ौद में 2.9 इंच, गुना के राघौगढ़ में 2.8 इंच और राजगढ़ के खिलचीपुर में करीब ढाई इंच बारिश हुई।
MP के इन जिलों में हुई बारिश
शनिवार को शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, दतिया, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, सतना, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी, पांढुर्णा, भोपाल, राजगढ़, सीहोर, विदिशा, रायसेन, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, उज्जैन, देवास, रतलाम, शाजापुर, मंदसौर, नीमच, आगर-मालवा, इंदौर, धार, झाबुआ, आलीराजपुर, बड़वानी, खंडवा, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, श्योपुर, सागर और दमोह में बारिश हुई।
32 जिलों में बारिश का आंकड़ा कम
पूरे मानसून सीजन की तस्वीर देखें तो मध्य प्रदेश के 32 जिलों में सामान्य के मुकाबले 5 से 48 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज की गई है। पूर्वी मध्य प्रदेश में जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में बारिश सामान्य से करीब 1 प्रतिशत तक कम रही। बालाघाट, छिंदवाड़ा, डिंडौरी, दमोह, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, मंडला, रीवा, सागर और सिवनी में भी सामान्य से कम बारिश हुई।
पश्चिमी हिस्से में भी कई जिले बारिश की कमी से जूझ रहे हैं। आलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, देवास, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, खंडवा, मंदसौर, मुरैना, नर्मदापुरम, नीमच, बड़वानी, रायसेन, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, उज्जैन और विदिशा में सामान्य से 5 से 48 प्रतिशत तक कम बारिश दर्ज हुई।
राजस्थान से मानसून की वापसी शुरू
देश में मानसून अब धीरे-धीरे वापसी की तरफ बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी राजस्थान से मानसून की विदाई इस बार 19 सितंबर से शुरू हुई, जबकि सामान्य तौर पर यहां से वापसी 17 सितंबर के आसपास शुरू होती है। अगले कुछ दिनों में पंजाब और सौराष्ट्र-कच्छ के कुछ हिस्सों से भी मानसून की वापसी शुरू हो सकती है। हालांकि मध्य प्रदेश में अभी कई इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी है।
दूसरे राज्यों में भी बारिश बनी आफत
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में 4 लोगों की मौत हुई और 3 लोग घायल हुए। वहीं उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में केदारनाथ पैदल मार्ग पर चिरबासा के पास लैंडस्लाइड के कारण यात्रियों की आवाजाही कुछ समय के लिए रोकी गई।
Anjali 
